यूपी का सबसे ज्यादा साक्षरता दर वाला जिला ग्राम पंचायतों के गठन में पीछे, फिर मतदान की तैयारी

गौतमबुद्ध नगर : यूपी का सबसे ज्यादा साक्षरता दर वाला जिला ग्राम पंचायतों के गठन में पीछे, फिर मतदान की तैयारी

यूपी का सबसे ज्यादा साक्षरता दर वाला जिला ग्राम पंचायतों के गठन में पीछे, फिर मतदान की तैयारी

Google Image | यूपी का सबसे ज्यादा साक्षरता दर वाला जिला ग्राम पंचायतों के गठन में पीछे

प्रदेश में भले ही सबसे अधिक साक्षरता दर गौतम बुद्ध नगर जिले की हो, लेकिन पंचायतों के गठन को लेकर यहां के ग्रामीणों में रुचि नहीं है। बीते अप्रैल में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत सदस्य के 509 वार्ड में कोई सदस्य चुना नहीं जा सका है। यही कारण है कि इन रिक्त पदों के लिए फिर चुनाव कराए जा रहे हैं। 6 जून से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और 12 जून को मतदान होगा। इसके लिए तैयारी पूरी हो गई है।

जनपद में 88 ग्राम पंचायत हैं। यहां दूसरे चरण में 19 बीते अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए थे। जनपद की 47 ग्राम पंचायतें ऐसी थीं, जिनमें दो तिहाई पंचायत सदस्य नहीं चुने गए थे। ऐसे में ग्राम प्रधानों को शपथ नहीं दिलाई जा सकी। ग्राम पंचायत के 509 सदस्यों के लिए फिर चुनाव होगा। यह हाल प्रदेश के सबसे अधिक साक्षरता दर वाले गौतम बुद्ध नगर जिले का है। 

जनपद की साक्षरता दर 80.12 प्रतिशत है
साल 2011 की जनगणना के अनुसार जनपद की साक्षरता दर 80.12 प्रतिशत है। यह प्रदेश का सबसे अधिक हाईटेक जिला है। इस सबके बावजूद यहां के ग्रामीणों में पंचातयों के गठन को लेकर रुचि नहीं है। यही कारण है कि चुनाव आयोग को फिर यहां पर पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव करवाना पड़ रहा है। चुनाव आयोग ने अपनी अधिसूचना में बताया है कि ग्राम पंचायत सदस्य के 509 वार्डों में नामांकन नहीं करने या किसी अन्य कारण से चुनाव नहीं हो सका है। इसलिए यहां पर चुनाव करवाया जा रहा है।

जेवर ब्लॉक में सबसे ज्यादा पद खाली
जनपद में 509 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव होना है। सबसे अधिक जेवर ब्लॉक में 202 पदों के लिए चुनाव होना है। सबसे कम बिसरख ब्लॉक में पद खाली पड़े हैं। यहां पर 141 पदों पर चुनाव होना है। दादरी ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में 166 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है।

जानें चुनाव प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग ने इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी है। जनपद गौतम बुद्ध नगर के 47 गांवों में फिर से चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए हैं। 6 जून से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसी दिन नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी। 7 जून को उम्मीदवारों की नाम वापसी होगी और उन्हें चुनाव चिह्न आवंटन किए जाएंगे। 12 जून की सुबह 7 बजे से शाम  छह बजे तक मतदान होगा। चुनाव आयोग 14 जून को मतगणना कराएगा।

ब्लॉक का नाम  ग्राम पंचायत    कुल ग्राम पंचायत सदस्य   रिक्त ग्राम पंचायत सदस्य
बिसरख              24                     316                                        141
दादरी                 30                    386                                         166
जेवर                   34                    412                                         202

प्रदेश के उच्च साक्षरता दर वाले जनपद
जनपद                      साक्षरता दर
गौतम बुद्ध नगर              80.12
कानपुर नगर                  79.65
औरैया                           78.95
              
ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए खाली पदों के लिए 6 जून से चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। 12 जून को मतदान होगा। इसकी सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
-अनिल कुमार सिंह, सीडीओ

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.