महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित है सरकारः योगी आदित्यनाथ

International Women’s Day 2021: महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित है सरकारः योगी आदित्यनाथ

महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित है सरकारः योगी आदित्यनाथ

Tricity Today | अग्रणी महिलाओं को सम्मानित किया गया

  • 45 पिंक बूथ, 18 पिंक शौचालय तथा 660 स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण हुआ
  • 1535 थानों और 350 तहसीलों में महिला हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है
  • 93 हजार विद्यालयों को पब्लिक स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया गया
  • मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ के अन्तर्गत 1200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नारी शक्ति का आहृवान किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार नारी की गरिमा, सम्मान व सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लेकिन सरकारी प्रयास के साथ समाज को सक्रिय और सचेत प्रयास करना होगा। उन्होंने सभी सामाजिक, व्यावसायिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से नारी की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के साथ जुड़कर उनके सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।

4 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ‘मिशन शक्ति’ के अन्तर्गत विभिन्न परियोजनाओं का शुभारम्भ और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों की अग्रणी महिलाओं के साथ संवाद किया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर योगी ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अन्तर्गत 22 करोड़ 13 लाख 25 हजार रुपये की लागत से निर्मित 13 बालिका छात्रावासों तथा 15 करोड़ 10 लाख 79 हजार रुपये की लागत से निर्मित 4 राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का लोकार्पण किया। उन्होंने कार्यक्रम में 11 महिलाओं रंजना द्विवेदी, सीता कुंवर, कु स्नेहा त्यागी, कुसुम, मानमती, सुनीता, आरती, प्रियंका राय, रेनू यादव, सोनी तथा संतोष कुमारी को ‘मिशन शक्ति पुरस्कार’ से सम्मानित किया। 

सुरक्षा-सम्मान सुनिश्चित किया
उच्चतम न्यायालय की न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ज्ञान सुधा मिश्रा ने 18 पुलिस परिक्षेत्रीय कार्यालयों में महिला साइबर क्राइम सेल तथा 18 परिक्षेत्र के जनपदों में थाने के समकक्ष एक-एक महिला पुलिस चौकी-परामर्श केन्द्र का लोकार्पण किया। इंडियन बैंक की सीईओ एवं प्रबन्ध निदेशक पद्मजा चुन्दुरु ने ‘सेफ सिटी परियोजना’ के अन्तर्गत लखनऊ सिटी में स्थापित 45 पिंक बूथ, 18 पिंक शौचालय तथा 660 स्ट्रीट लाइट का लोकार्पण एवं नवीन आशा ज्योति केन्द्र भवन का शिलान्यास किया।

सुरक्षा के लिए उठाए अहम कदम
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार स्त्रियों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए हमेशा से प्रतिबद्ध और संवेदनशील रही है। वर्ष 2017 में सत्ता में आने के तुरन्त बाद ही राज्य सरकार ने बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए सभी थानों में एंटी रोमियो स्कवॉयड का गठन किया। ‘मिशन शक्ति’ के अन्तर्गत 1535 थानों और 350 तहसीलों में महिला हेल्पडेस्क स्थापित की गयी है। ये प्रभावी ढंग से कार्य कर रही हैं। शिक्षा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना का आधार बन सकती है। समाज में बालक-बालिकाओं की शिक्षा में भेद दिखता है। 

परिषदीय स्कूलों का हो रहा है कायाकल्प
इसके तहत बालक को शिक्षा के लिए पब्लिक स्कूल तथा बालिका को बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में भेजने की प्रवृत्ति है। इसे समाप्त करने के लिए जनसहभागिता के आधार पर बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों के कायाकल्प का कार्यक्रम संचालित कर करीब 93 हजार विद्यालयों को पब्लिक स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया गया है। प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें, स्कूल बैग, यूनीफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर उपलब्ध कराया जा रहा है। विगत 3 वर्षों में बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या 54 लाख बढ़ी है। बालिकाओं को स्नातक तक निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गयी है।

महिला हेल्पलाइन बन रही है मददगार
महिला अपराधों का प्रमुख कारण जागरूकता का अभाव है। महिला अपराधों के प्रति जागरूकता के लिए ‘मिशन शक्ति’ कार्यक्रम चलाया गया। महिलाओं के प्रति अपराधों पर लगाम लगाने के लिए वीमेन पावर लाइन ‘1090’ को पूरे प्रदेश में क्रियाशील किया गया है। प्रदेश के सभी जनपदों में महिला हेल्पलाइन ‘181’ संचालित की जा रही है। वीमेन पावर लाइन ‘1090’ तथा महिला हेल्पलाइन ‘181’ को एकीकृत आपात सेवा ‘112’ से इण्टीग्रेट किया गया है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ‘1076’ भी संचालित की जा रही है।

पुलिस भर्ती में 20 फीसदी सीटें आरक्षित
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने पुलिस भर्तियों में 20 प्रतिशत स्थान महिलाओं के लिए आरक्षित किया है। जनपद बदायूं, लखनऊ व गोरखपुर में 3 महिला पीएसी बटालियन का गठन किया गया है। बालिकाओं के हित एवं कल्याण के लिए ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ लागू की गयी है। इसके अन्तर्गत बालिकाओं को 6 चरणों में 15 हजार रुपये उपलब्ध कराया जा रहा है। 

1200 करोड़ रुपये की परियोजनाएं 
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने और उनकी सुरक्षा-सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किये गये हैं। ‘मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना’ के अन्तर्गत 1200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बालिकाओं के 4 इण्टर कॉलेज व 13 छात्रावासों का लोकार्पण किया गया है।

तमाम हस्तियां उपस्थित रहीं
कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस महानिदेशक, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन नीरा रावत ने अतिथियों को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम, मुख्य सचिव आरके तिवारी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी अवस्थी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में महिलाएं तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.