वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करने वाले यूपी के पहले सीएम बनेंगे

योगी आदित्यनाथ बनाएंगे एक और रिकॉर्ड : वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करने वाले यूपी के पहले सीएम बनेंगे

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करने वाले यूपी के पहले सीएम बनेंगे

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ | File Photo

  • 2023 की बैठक में शामिल होंगे योगी आदित्यनाथ
  • यूपी सरकार की दावोस में पवेलियन बनाने की योजना
  • योगी के साथ प्रतिनिधिमंडल विश्व आर्थिक मंच जाएगा
  •  दावोस, स्विट्जरलैंड की यात्रा करने के लिए तैयारी
Lucknow : योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) उत्तर प्रदेश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, जो विश्व आर्थिक मंच को संबोधित करेंगे। दरअसल, योगी उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन इकोनामी बनाना चाहते हैं। जिसके लिए अगले साल 10 से 12 फरवरी तक 'यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट' का आयोजन होगा। इस समिट को सफल बनाने के लिए खुद मुख्यमंत्री, उनके कैबिनेट मिनिस्टर और राज्य के शीर्ष नौकरशाह दुनियाभर के मुल्कों का दौरा करने जा रहे हैं। इसी सिलसिले में राज्य सरकार ने उत्तर प्रदेश को 'सर्वश्रेष्ठ निवेश गंतव्य' के रूप में प्रदर्शित करने के लिए दावोस में एक पैवेलियन बनाने का प्रस्ताव रखा है।

राज्य सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक इस प्रयास का उद्देश्य अगले पांच वर्षों में राज्य को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है। WEF-2023 की बैठक दावोस में 16 से 20 जनवरी तक प्रस्तावित है। विश्व आर्थिक मंच-2023 में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निमंत्रण मिला है। उसके बाद यात्रा कार्यक्रम को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी गई है। राज्य सरकार विभिन्न विकल्पों पर काम कर रही है, जिसमें उत्तर प्रदेश को प्रदर्शित करने के लिए दावोस शहर में एक पैवेलियन लगाना शामिल है। 

दावोस में उत्तर प्रदेश सरकार का पवेलियन राज्य को सर्वोत्तम निवेश गंतव्य के रूप में पेश करेगा। यह ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 से पहले निवेश को आकर्षित करने में मदद करेगा। पांच साल में राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। उत्तर प्रदेश सरकार ने जीआईएस-2023 को 10-12 फरवरी तक आयोजित करने का कार्यक्रम घोषित किया है। दूसरी तरफ बहुत कुछ मुख्यमंत्री की राजनीतिक और अन्य व्यस्तताओं पर निर्भर करेगा। सरकार के एक अन्य अधिकारी ने कहा, "गुजरात चुनाव प्रचार और शहरी स्थानीय निकायों के आगामी चुनावों के मद्देनजर अपने व्यस्त कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए योगी इस महीने विदेश यात्रा करने में सक्षम नहीं हैं।"

योगी आदित्यनाथ WEF-2023 की बैठक में भाग लेने के लिए दावोस जाएंगे तो वह ऐसा करने वाले उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन जाएंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अफसरों ने उन्होंने कहा, "हम मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारी शुरू कर रहे हैं। इस मौके का राज्य के लिए बेहतरीन इस्तेमाल करेंगे। हमें डब्ल्यूईएफ-2023 में पवेलियन लगाने के लिए जगह मिलने की उम्मीद है।" दावोस में 2022 में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारत के प्रतिनिधिमंडल में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री व मंत्री शामिल थे। भारत ने मई 2022 में दावोस में खुद को एक विश्वसनीय भागीदार, स्थिर अर्थव्यवस्था और एक आकर्षक गंतव्य के रूप में पेश किया था।

जीआईएस-2023 से पहले निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार के आठ प्रतिनिधिमंडल अगले सप्ताह राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के तुरंत बाद रोड शो करने के लिए लगभग 20 देशों के लिए रवाना होंगे। इन प्रतिनिधिमंडलों के दिसंबर के तीसरे सप्ताह तक वापस आने की उम्मीद है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। मौर्य 16 दिसंबर को नीदरलैंड के लिए रवाना होंगे। जबकि पाठक 9 दिसंबर को मैक्सिको और ब्राजील के लिए रवाना होंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना 9 दिसंबर को कनाडा के लिए रवाना होने वाले हैं। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 9 दिसंबर को यूएसए और यूके के लिए रवाना होंगे और उनके 15 दिसंबर तक वापस आने की उम्मीद है। जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह जिस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे वह 13 दिसंबर को आस्ट्रेलिया जाएगा। शहरी विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल 16 दिसंबर को सिंगापुर के लिए रवाना होगा। मत्स्य मंत्री संजय निषाद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल 14 दिसंबर को अर्जेंटीना के लिए रवाना होगा। जबकि पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद 14 दिसंबर से स्वीडन के लिए एक टीम का नेतृत्व करेंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.