योगी आदित्यनाथ ने दिखाई हरी झंडी और दौड़ पड़ा ग्रेटर नोएडा

रन फॉर जी-20 : योगी आदित्यनाथ ने दिखाई हरी झंडी और दौड़ पड़ा ग्रेटर नोएडा

योगी आदित्यनाथ ने दिखाई हरी झंडी और दौड़ पड़ा ग्रेटर नोएडा

Tricity Today | पुलिस महकमे के अधिकारियों के साथ ही नोएडा वासी भी मैराथन का हिस्सा बने

  • -गौतमबुद्ध नगर में जी-20 शिखर सम्मेलन का अनोखा प्रमोशन
  • - सीएम ने दिखाई हरी झंडी तो सड़क पर दौड़ पड़े डीसीपी 
Noida News : शहर में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के प्रमोशन के लिए आयोजित रन फॉर जी-20 में शनिवार की सुबह शहर ने दौड़ लगाई। पुलिस महकमे के अधिकारियों के साथ ही नोएडा वासी भी मैराथन का हिस्सा बने। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। गौतमबुद्ध नगर जिले में इस दौड़ का आयोजन कई जगह किया गया। इसको लेकर लोगों में काफी जोश दिखा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में डीसीपी सेंट्रल दौड़े
डीसीपी सेंट्रल नोएडा राम बदन सिंह के नेतृत्व में गौर सिटी स्टेडियम से गौर सिटी मॉल तक दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासी भी पहुंचे और कार्यक्रम का हिस्सा बने। डीसीपी के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने दौड़ में हिस्सा लिया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट से युवाओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की है।

महिलाओं ने भी निभाई भागीदारी
कार्यक्रम में महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और पुलिस अधिकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस दौड़ को पूरा किया। कार्यक्रम में डीसीपी सेंट्रल नोएडा राम बदन सिंह, एडिशनल डीसीपी विशाल पांडे सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। 

ग्रेटर नोएडा में शारदा यूनिवर्सिटी से हुई दौड़
वहीं, ग्रेटर नोएडा जोन में भी यह आयोजन किया गया। यहां शारदा विश्वविद्यालय से डीसीपी कार्यालय तक रन फॉर जी-20 प्रोग्राम के तहत दौड़ लगाई गई। इस दौरान ग्रेटर नोएडा के डीसीपी साद मियां खान और एडिशनल डीसीपी दिनेश कुमार सिंह के साथ ही एसीपी महेंद्र देव सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा हजारों युवाओं ने भी उनके साथ इस कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। नॉलेज पार्क के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बना रहे अमन और सौहार्द
आयोजन में हिस्सा लेने आए पुलिस महकमे के अधिकारियों ने शहर वासियों की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया। अधिकारियों ने इस दौरान कहा कि विभिन्न समुदायों से उपस्थित सभी लोगों की ओर से एकता व भाईचारे का संदेश दिया गया है। अपने देश में आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के प्रति लोग जागरूक हुए हैं।

ग्रेनो वेस्ट के लोगों ने कहा- होने चाहिए ऐसे आयोजन
सेवियर ग्रीन आर्क सोसायटी निवासी और गौतमबुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडे ने कहा, "G-20 जागरूकता दौड़ में हिस्सा लेकर अच्छा लगा। ये एक बेहतरीन अनुभव था। इस जागरुकता दौड़ को सही तरीके से मैनेज किया गया और इसके लिए पुलिस विभाग ने मेहनत की। जिसके लिए उनका अभिवादन है।" वहीं, गौर सिटी निवासी अनीता प्रजापति ने कहा कि ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। आज की इस वार्मअप दौड़ में काफी मजा आया। ऐसे इवेंट्स के जरिए लोग अपनी सेहत को लेकर भी जागरूक रहते हैं। 

सीएम ने किया था शुभारंभ
गौरतलब है कि शनिवार को रन फॉर जी-20 की शुरुआत लखनऊ में हुई थी। जहां सीएम योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ किया और उसके बाद सभी जिलों में इसका आयोजन किया गया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.