तीन करोड़ घरों तक पहुंची योगी सरकार, 16 करोड़ निवासियों का जाना हाल, मुख्यमंत्री का आदेश-‘रोजाना ढाई लाख से ज्यादा कोविड सैंपल्स का करें परीक्षण’

UP NEWS : तीन करोड़ घरों तक पहुंची योगी सरकार, 16 करोड़ निवासियों का जाना हाल, मुख्यमंत्री का आदेश-‘रोजाना ढाई लाख से ज्यादा कोविड सैंपल्स का करें परीक्षण’

तीन करोड़ घरों तक पहुंची योगी सरकार, 16 करोड़ निवासियों का जाना हाल, मुख्यमंत्री का आदेश-‘रोजाना ढाई लाख से ज्यादा कोविड सैंपल्स का करें परीक्षण’

Tricity Today | Yogi Adityanath

  • पिछले 13 दिनों में कोरोना के कुल एक्टिव मामलों में 1 लाख 6 हजार से अधिक की कमी आई है
  • देश में प्रतिदिन 2.50 लाख से अधिक कोविड टेस्ट किये जा रहे हैं
  • सर्विलांस के जरिए अब तक प्रदेश की 24 करोड़ जनसंख्या में से लगभग 16 करोड़ से अधिक लोगों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई है
  • सूबे में 193 जनपद स्तर पर, 220 तहसील स्तर पर, 19 ब्लॉक स्तर पर तथा 254 ग्राम पंचायत स्तर पर क्वारंटीन सेंटर बनाये गये हैं
  • अभियान के तहत अब तक राज्य में 6,081 कोविड पॉजिटिव मरीज मिले हैं। कुल 1,81,733 लोगों का टेस्ट किया गया है
  • प्रत्येक सीएचसी में 20-20 ऑक्सीजन युक्त बेड स्थापित करने का अभियान चल रहा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एग्रेसिव टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की रणनीति से यूपी में पिछले 13 दिनों में कोरोना के कुल एक्टिव मामलों में 1 लाख 6 हजार से अधिक की कमी आई है। इसके साथ-साथ नये मामलों की संख्या में भी तेजी से कमी हो रही है। प्रदेश में प्रतिदिन 2.50 लाख से अधिक कोविड टेस्ट किये जा रहे हैं। सर्विलान्स के माध्यम से घर-घर जा कर लोगों से कोविड के लक्षणों की जानकारी ली जा रही है। सर्विलांस के जरिए अब तक प्रदेश की 24 करोड़ जनसंख्या में से लगभग 16 करोड़ से अधिक लोगों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई है। सर्विलान्स के साथ-साथ गांवों में लोगों से सम्पर्क करते हुए कोरोना के लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उनका कोविड टेस्ट किया जा रहा है। उन्हें मेडिकल किट दिया जा रहा है। निगरानी समितियां गांव में रहने वाले लोगों से सम्पर्क कर कोविड लक्षणों की जानकारी ले रही हैं। कोविड लक्षण मिलने वाले लोगों का आरआरटी टीम एन्टीजन कोविड टेस्ट कर रही है। गांवों में संक्रमणयुक्त लोगों को होम आइसोलेशन में रखने के लिए गांव में ही पंचायत भवन/स्कूल/सरकारी इमारतों में आइसोलेट करके उनका उपचार किया जा रहा है।

निगरानी समितियां प्रवासी नागरिकों की जांच कर रही हैं
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ नवनीत सहगल ने बताया कि निगरानी समितियां प्रदेश में बाहर से आने वाले प्रवासियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए उनकी जांच कराकर क्वारंटीन सेन्टर में भेज रही हैं। सूबे में 193 जनपद स्तर पर, 220 तहसील स्तर पर, 19 ब्लॉक स्तर पर तथा 254 ग्राम पंचायत स्तर पर क्वारंटीन सेंटर बनाये गये हैं। इन क्वारंटीन सेन्टर में 25,820 लोगों को रखा गया है तथा 49 लोगों को अस्पताल भेजा गया है। गांव में निगरानी समितियां लोगों से कोविड लक्षण की जानकारी लेने तथा आरआरटी टीम कोविड लक्षण वाले लोगों का टेस्ट कर रही है। इस अभियान के तहत अब तक राज्य में 6,081 कोविड पॉजिटिव मरीज मिले हैं। कुल 1,81,733 लोगों का टेस्ट किया गया है। 

WHO ने की सराहना
उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यूपी सरकार के गांव में चलाये जा रहे इस अनूठे अभियान की प्रशंसा की है। सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर शहरी क्षेत्रों में रेहड़ी, पटरी, ठेला, श्रमिकों, पल्लेदार आदि लोगों को सामुदायिक किचन के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें सरकार 277 का तथा एनजीओ के माध्यम 76 सामुदायिक किचन संचालित हैं। उन्होंने बताया कि कल सामुदायिक किचन के माध्यम से 2 लाख से अधिक फूड पैकेट वितरित किये गये हैं।

हर सीएचसी में 20-20 ऑक्सीजन बेड लगाए जाएंगे
प्रदेश में कोविड मरीजों के लिए ऑक्सीजन बेडों की संख्या बढ़ाई जा रही है। प्रत्येक सीएचसी में 20-20 ऑक्सीजन युक्त बेड स्थापित करने का अभियान चल रहा है। सभी जनपदों में 5000 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेजे गये हैं और 17000 से अधिक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदने का आदेश जारी कर दिया गया है। अस्पतालों में 1000 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। सभी जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि होम आइसोलेशन में रहने वाले ऑक्सीजन की आवश्यकता वाले मरीजों को ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करें। प्रत्येक जनपद में एक रिफिलर चिन्हित कर लिया जाय, जो होम आइसोलेशन के ऐसे मरीजों को ऑक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित करे। 

आंशिक लॉकडाउन का असर दिखाई दे रहा है
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सभी अस्पतालों में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का आदेश दिया है।ये भर्ती कोविड मरीजों के परिजन को मरीज से सम्बंधित जानकारी देंगे। अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ ने बताया कि प्रदेशव्यापी आंशिक कोरोना कर्फ्यू के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। आंशिक कोरोना कर्फ्यू में वैक्सीनेशन, औद्योगिक गतिविधियों, मेडिकल सम्बन्धी कार्य आदि आवश्यक अनिवार्य सेवाओं को यथावत जारी रखा गया है। आंशिक कोरोना कर्फ्यू की अवधि में पूरे प्रदेश के शहरों और गांवों में विशेष सफाई एवं फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में औद्योगिक इकाइयां तेजी से चलायी जा रही हैं। औद्योगिक इकाइयों द्वारा मजदूरों को काम दिया जा रहा है। इन औद्योगिक इकाइयों में कोविड हेल्प डेस्क बनाये गये हैं। इसके अलावा जिन औद्योगिक संस्थानों में 50 से अधिक कर्मचारी कार्य कर रहे, उनमें कोविड केयर सेंटर बनाया गया है। जिससे वहां पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय से इलाज मिल सके।

रिकवरी रेट 86 प्रतिशत हो गया है
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशानुसार प्रदेश में बड़ी संख्या में टेस्टिंग किया जा रहा है। रोजाना टेस्टिंग क्षमता बढ़ायी जा रही है। गत एक दिन में कुल 2,53,957 सैम्पल की जांच की गयी है। इसमें 1 लाख 9 हजार से अधिक टेस्ट आरटीपीसीआर के माध्यम से किये गये हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 से रिकवरी रेट 86 प्रतिशत हो गया है। प्रदेश में अब तक कुल 4,39,06,533 सैम्पल की जांच की गयी है। यह पूरे देश में सर्वाधिक है। प्रसाद ने बताया कि सर्विलांस की कार्यवाही निरन्तर चल रही है। प्रदेश में अब तक सर्विलांस टीम के माध्यम से 2,69,850 क्षेत्रों में 6,14,681 टीम दिवस के माध्यम से 3,48,09,485 घरों के 16,76,90,083 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। 

वैक्सीनेशन रफ्तार से जारी है
उन्होंने बताया कि 18 से 44 वर्ष वाले लोगों के साथ-साथ 45 वर्ष से अधिक आयु वालों का वैक्सीनेशन चल रहा है। अब तक 45 वर्ष से अधिक आयु वालों में 1,13,14,207 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दी गई तथा पहली डोज वाले लोगों में से 30,12,689 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई। इस प्रकार कुल 1,43,26,896 वैक्सीन की डोज लगायी जा चुकी है। विगत 24 घण्टों में 18 से 44 वर्ष के आयुवर्ग के 48,691 लोगों को वैक्सीन लगायी गयी है। इस आयुवर्ग में अब तक 2,65,745 लोगों को पहली डोज लग चुकी है। उन्होंने लोगों से कहा कि जिन लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली है, वो समय आने पर वैक्सीन की दूसरी डोज भी अवश्य लगवायें। 

15 जून तक चलेगी गेहूं खरीद की प्रक्रिया
प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए कृतसंकल्प है और किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उनकी फसल को खरीदे जाने की प्रक्रिया कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए तेजी से चल रही है। बीते 1 अप्रैल से 15 जून, 2021 तक गेहूं खरीद का अभियान जारी रहेगा। गेहूं क्रय अभियान में अब तक 5 लाख किसानों से 24,15,691.40 मीट्रित टन गेहूं खरीदा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मास्क का प्रयोग करें, सैनेटाइजर व साबुन से हाथ धोते रहें तथा भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.