भाजपा से एक और बागी ने किया नामांकन, इन नेताओं पर धोखा देने का आरोप लगाया

गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत चुनाव : भाजपा से एक और बागी ने किया नामांकन, इन नेताओं पर धोखा देने का आरोप लगाया

भाजपा से एक और बागी ने किया नामांकन, इन नेताओं पर धोखा देने का आरोप लगाया

Tricity Today | सुनील सिंह

गौतमबुद्ध नगर जिला पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल किए गए हैं। वार्ड नंबर-5 से भाजपा नेता ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ नामांकन किया है। उम्मीदवार का कहना है कि सांसद और भाजपा के बड़े नेताओं ने उसके साथ धोखा किया है। अभी तक उनको वार्ड नंबर-5 से जिला पंचायत का टिकट देने का आश्वासन दिया था, लेकिन जब टिकट देने की बारी आई तो बाहरी व्यक्ति को भाजपा के नेताओं ने टिकट दिलवा दिया है।

जेवर विधानसभा के मारेरा गांव के निवासी सुनील सिंह पिछले 15 सालों ने भापजा के नेता हैं। पार्टी में गांव के बूथ अध्यक्ष से लेकर रबूपुरा मंडल में युवा मोर्चा का अध्यक्ष, दो बार उपाध्यक्ष और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भी बनाया। उनका कहना है कि वह पिछले 15 सालों ने जेवर में भाजपा पार्टी को सींच रहे हैं। सुनील सिंह का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर के सांसद डाॅ.महेश शर्मा ने उनको वार्ड नंबर-5 से जिला पंचायत टिकट देने का आश्वासन दिया था, लेकिन जब टिकट देने की बात आई तो बाहरी व्यक्ति को पार्टी ने टिकट दे दिया। पार्टी अपने पुराने नेताओं को नजरअंदाज कर रही है। ऐसे हालात जिले में पार्टी के भविष्य को तय करेंगे।

सुनील सिंह अब राष्ट्रीय लोकदल सत्य पार्टी से वार्ड नंबर-5 से चुनाव लडने वाले हैं। सुनील सिंह 10वीं क्लास तक पढ़े हुए हैं। उन्होंने बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया है। कुल मिलाकर भाजपा में बगावत हो रही है। जिससे यहां पार्टी के उम्मीदवार को परेशानी का सामना करना पद सकता है। आपको बता दें कि बुधवार को दूसरे चरण का नामांकन शुरू हुआ है। गौतमबुद्ध नगर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दूसरे चरण में करवाया जा रहा है। पहले ही दिन भारतीय जनता पार्टी में बगावत के सुर सुनाई देने लगे हैं। 



गौतमबुद्ध नगर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा के प्रतिनिधि सतपाल तालान ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सतपाल ताला का कहना है कि वह जिला पंचायत का चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान रखने के लिए वह चुनाव लड़ रहे हैं। दरअसल, मंगलवार की सुबह जिला पंचायत के लिए नामांकन शुरू हुआ तो जिला मुख्यालय पर नामांकन करने वालों में पहला नाम सतपाल तालान का ही था। 

सतपाल तालान भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। वह मूल रूप से जेवर क्षेत्र में गोविंदगढ़ गांव के रहने वाले हैं। सतपाल तालान ने जिला पंचायत के वार्ड नंबर-5 से नामांकन दाखिल किया है। जिला पंचायत के लिए नामांकन दाखिल करने वाले वह पहले प्रत्याशी बने हैं। मंगलवार की सुबह जिला मुख्यालय पर उन्होंने अपना नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड नंबर-5 से जिला महामंत्री अमित चौधरी को मैदान में उतारा है। सतपाल तालान भाजपा प्रत्याशी अमित चौधरी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। 
पार्टी के खिलाफ बगावत करने के मुद्दे पर सतपाल तालान ने कहा, "हम लोगों के सम्मान की सुध पार्टी को लेनी चाहिए थी। जरूरी नहीं कि मुझे टिकट दिया जाता। क्षेत्र में से किसी भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता को टिकट दे देते। बाहरी उम्मीदवार लाकर हम लोगों के ऊपर थोप दिया गया है। जेवर क्षेत्र में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता वर्षों से काम कर रहे हैं। अगर हम अपने गांव में पंचायत का चुनाव भी नहीं लड़ सकते तो फिर राजनीति करने का उद्देश्य क्या रह जाएगा? मैंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से बातचीत करके चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।"

उनका कहना है कि अभी तक उनसे पार्टी के किसी पदाधिकारी ने बात नहीं की है। अगर पार्टी बात करेगी तो वह वार्ड नंबर-5 से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार का विरोध जरूर करेंगे। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय भाटी का कहना है, "अभी थोड़ी देर पहले यह जानकारी मिली कि सतपाल तालान ने नामांकन दाखिल किया है। मैं उनसे बात करूंगा। इसके बाद पार्टी हाईकमान को भी जानकारी दूंगा। राज्य मुख्यालय से जो निर्देश मिलेंगे उसके अनुसार कार्यवाही की जाएगी।" कुल मिलाकर वार्ड नंबर पांच पर भाजपा के सामने उसके ही दो नेताओं ने ताल ठोंक दी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.