अब 96 गांवों में बनेंगे जूनियर हाईस्कूल और कई में इंटर कॉलेज, बेहद खास खबर

यमुना अथॉरिटी के सीईओ से एक गांव की लड़कियों ने मांगा स्कूल : अब 96 गांवों में बनेंगे जूनियर हाईस्कूल और कई में इंटर कॉलेज, बेहद खास खबर

अब 96 गांवों में बनेंगे जूनियर हाईस्कूल और कई में इंटर कॉलेज, बेहद खास खबर

Tricity Today | यमुना अथॉरिटी के सीईओ से लड़कियों ने मांगा था स्कूल | File Photo

Yamuna Authority : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह पिछले सप्ताह गौतमबुद्ध नगर के अट्टा गूजरान गांव में लाइब्रेरी का शिलान्यास करने गए थे। उसी दौरान वहां छोटी-छोटी लड़कियां खड़ी हुई थी। डॉक्टर अरुणवीर सिंह ने उन्हें पास बुलाया और बातचीत करने लगे। सीईओ ने लड़कियों से पूछा, "किस क्लास में पढ़ती हो।" लड़की ने जवाब दिया, "पांचवी के बाद पढ़ाई नहीं कर पा रही है। गांव में प्राइमरी लेवल से आगे का स्कूल नहीं है। करीब 10 किलोमीटर दूर दनकौर कस्बे में जाकर आगे की पढ़ाई करनी पड़ती है। घरवाले इतनी दूर भेजने के लिए तैयार नहीं होते हैं। लिहाजा, गांव की ज्यादातर बच्चियों की पढ़ाई पांचवी के बाद बंद हो जाती है।"

अब अट्टा गूजरान में बनेगा इंटर कॉलेज
इस वाकये के बाद किसान परिवारों की लड़कियों के हित में अथॉरिटी ने बड़ा फैसला लिया है। लड़कियों को पढ़ाई करने के लिए गांव से दूर नहीं जाना पड़ेगा। यमुना अथाॅरिटी पहले चरण में पड़ने वाले अधिसूचित एरिया के सभी 96 गांवों में जूनियर हाईस्कूल बनवाएगी। इसके अलावा इन सभी गांवों में लोगों की स्वास्थ्य जांच के लिए हेल्थ एटीएम लगवाएगी। यमुना अथॉरिटी ने कन्या इंटर कॉलेज बनवाने की शुरुआत अट्टा गूजरान गांव से शुरू कर दी है। पुराने स्कूल का अथॉरिटी कायाकल्प योजना के तहत जीर्णोद्धार कराएगी।

"बच्चियों की पढ़ाई पूरी होना बहुत जरूरी"
यमुना अथाॅरिटी के सीईओ डाॅ.अरुणवीर सिंह ने बताया, "मैं अट्टा गूजरान गांव में अथाॅरिटी अफसरों के साथ ई-लायब्रेरी के शिलान्यास कार्यक्रम में गया था। इस दौरान गांव में लड़कियों से शिक्षा के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि पांचवीं के बाद कोई स्कूल नहीं है। पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई करने के लिए दनकौर जाना पड़ता है, लेकिन गांव से अधिक दूरी होने के चलते परिवार वाले पढ़ाई करने के लिए दूर जाने नहीं देते हैं।"

"96 गांवों में जूनियर हाईस्कूल बनेंगे"
सीईओ ने बताया कि अट्टा गूजरान गांव में छोटी-छोटी लड़कियों की यह बात सुनकर अथाॅरिटी ने फैसला लिया है कि अधिसूचित एरिया में पड़ने वाले पहले चरण के 96 गांवों में जूनियर हाईस्कूल बनाए जाएंगे। कुछ गांवों में 10वीं तक के स्कूल अथाॅरिटी खुद बनवाएगी। उन्होंने बताया कि सभी गांवों में पहले से स्कूलों के लिए  पास जमीन है। लड़कियों की मांग पर सबसे पहले अट्टा गूजरान गांव में 12वीं तक कन्या इंटर काॅलेज बनाने का फैसला लिया है। गांव में पंचायत घर, गोदाम, पुराने जर्जर सरकारी स्कूल का कायाकल्प करवाया जाएगा।

शिक्षा के साथ स्वास्थ्य पर काम होगा
सीईओ ने बताया कि इन सभी 96 गांवों में अथॉरिटी कन्या जूनियर स्कूल के अलावा हेल्थ एटीएम लगवाएगी। प्रत्येक हेल्थ एटीएम पर अथॉरिटी स्वास्थ्य जांच करने के लिए वर्कर तैनात करेगी। जिससे ग्रामीणों की घर के पास ही स्वास्थ्य जांच हो सके।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.