कार चालक ने 11 किमी तक घसीटा शव, पुलिस ने पकड़ा तो बोला...

दिल्ली की तरह यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा : कार चालक ने 11 किमी तक घसीटा शव, पुलिस ने पकड़ा तो बोला...

कार चालक ने 11 किमी तक घसीटा शव, पुलिस ने पकड़ा तो बोला...

Google Image | कार चालक ने 11 किमी तक घसीटा शव, पुलिस ने पकड़ा तो बोला...

Yamuna Expressway : दिल्ली की तर्ज पर उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक खौफनाक घटना हुई है। हादसे के बाद शव को स्विफ्ट गाड़ी करीब 10 किलोमीटर तक घसीट कर ले गई। इस हादसे का पता तब चला, जब टोल प्लाजा पर गाड़ी टोल शुल्क जमा करने के लिए रुकी। टोल प्लाजा पर तैनात कर्मियों ने देखा कि गाड़ी के पीछे के हिस्से में एक शव बुरी तरीके से फंसा हुआ है। जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई।

मंगलवार सुबह 4:00 बजे की घटना
यह पूरी घटना यमुना एक्सप्रेसवे पर मथुरा जिले के थाना मांट इलाके की है। सुबह करीब 4:00 बजे एक स्विफ्ट गाड़ी टोल प्लाजा पर शुल्क देने के लिए रुकी। गाड़ी के पीछे सिक्योरिटी गार्ड ने देखा कि एक शव तरीके से फंसा हुआ है। वाइट कलर की गाड़ी में पूरा परिवार था। एक युवक गाड़ी चला रहा था और 3 महिलाएं व बच्चे बैठे हुए थे। गाड़ी के पीछे शव को देखते हुए सिक्योरिटी गार्ड ने टोल प्लाजा पर तैनात अधिकारी को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम को सूचित किया।

टूटा मोबाइल और ₹500 जेब में मिले
मथुरा जिले की मांट थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस मामले में थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक की जेब में एक टूटा हुआ मोबाइल और ₹500 मिले हैं। शव पूरी तरीके से तितर-बितर था। जिसकी वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

माइलस्टोन-106 से टोल प्लाजा तक घसीटा
थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच के दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन-106 पर खून के निशान मिले हैं। यह माइलस्टोन टोल प्लाजा से 10 किलोमीटर की दूरी पर है। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि शव गाड़ी में करीब 10 किलोमीटर तक घसीटकर आया होगा। पुलिस ने गाड़ी चालक और गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।

मुझे हादसे के बारे में कुछ भी पता नहीं चला : कार चालक
थाना प्रभारी ने बताया कि गाड़ी चालक की पहचान वीरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि वीरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से दिल्ली जा रहे थे। इस मामले में जब वीरेंद्र सिंह से पूछताछ की तो उन्होंने हैरान कर देने वाले जवाब दिया है। पूछताछ के दौरान वीरेंद्र सिंह ने कहा, "मुझे हादसे के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया। एक्सप्रेसवे पर काफी कोहरा था। अगर मुझे इस बात की भनक लग जाती तो मैं तत्काल आपकी गाड़ी रोक लेता।" वीरेंद्र सिंह के साथ उसका पूरा परिवार गाड़ी में मौजूद था। फिलहाल पुलिस ने वीरेंद्र सिंह और स्विफ्ट गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.