यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसाया जाएगा नया आगरा शहर, जानिए इस शहर की क्या खूबियां होंगी

BIG NEWS : यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसाया जाएगा नया आगरा शहर, जानिए इस शहर की क्या खूबियां होंगी

यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे बसाया जाएगा नया आगरा शहर, जानिए इस शहर की क्या खूबियां होंगी

Tricity Today | Dr Arunvir Singh IAS

 

 

यमुना एक्सप्रेसवे (Yamuna Expressway) किनारे टप्पल और राया के बाद नया आगरा शहर बसाया जाएगा। यमुना प्राधिकरण (Yamuna Authority) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। सबसे पहले इस नये शहर का मास्टर प्लान बनाया जाएगा। आगामी वित्तीय वर्ष में प्राधिकरण इस परियोजना को मूर्त रूप देगा। इसके अलावा प्राधिकरण ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने के लिए भी कवायद शुरू करेगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) पर अंतिम मुहर लगने के बाद यह इलाका निवेशकों को अपनी ओर खींच रहा है। इसका फायदा यमुना प्राधिकरण भी उठाने में लगा हुआ है। यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे नये शहर बसाने की तैयारी चल रही है। इन शहरों की रोड कनेक्विटी के साथ-साथ एयर कनेक्टिविटी भी मिल जाएगी। यही कारण है कि प्राधिकरण इन शहरों को बसाने के लिए जोर-शोर से जुटा हुआ है। यमुना प्राधिकरण यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे आगरा जिले की सीमा में नया आगरा शहर बसाने की योजना है। आगरा में बसने वाला नया शहर पर्यटन एवं उद्योग के केंद्र के तौर पर विकसित होगा। आगरा में दोनों गतिविधियों के लिए अपार संभावनाएं हैं। प्राधिकरण सबसे पहले इस शहर का मास्टर प्लान बनाएगा। दरअसल यह इलाका एनसीआर से बाहर है। इसलिए इसका मास्टर प्लान एनसीआर प्लानिंग बोर्ड से भी पास नहीं कराना पड़ेगा। मास्टर प्लान पर प्रदेश सरकार की मुहर के बाद इस पर काम शुरू हो जाएगा। प्राधिकरण ने आगामी वित्तीय वर्ष में इस नये शहर का मास्टर प्लान बनवाने का लक्ष्य रखा है।

राया और टप्पल में शहर बसाने की चल रही कवायद

यमुना प्राधिकरण अभी टप्पल (अलीगढ़) और राया (मथुरा) में नये शहर बसाने की तैयारी कर रहा है। राया में नया वृंदावन शहर बसाया जाना है। इसकी डीपीआर बनाने के लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) निकाला हुआ है। इसके लिए आवेदन करने वाली कंपनियां अगले हफ्ते प्रजेंटेशन देंगी। इसके बाद निविदा खोली जाएगी ताकि डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने वाली कंपनी का चयन किया जा सके। नये वृंदावन शहर को पर्यटन के हिसाब से बनाया जाएगा। इसके पहले चरण में पर्यटन जोन विकसित किया जाएगा। इसमें रीवर फ्रंट भी विकसित की जाएगी।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी बनाएंगे

यमुना प्राधिकरण अपने क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनवाएगा। इसकी संभावनओं को तलाशा जा रहा है। प्राधिकरण का प्रयास है कि एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाए। एयरपोर्ट के नजदीक क्रिकेट स्टेडियम बनने से अंतरराष्ट्रीय मैच होने में आसानी रहेगी।

निवेश को दी जाएगी प्राथमिकता

यमुना प्राधिकरण आगामी वित्तीय वर्ष में निवेश पर प्राथमिकता देगा। अकेले कोरोना काल में यमुना प्राधिकरण में 7 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है। यहां पर बड़ी-बड़ी कंपनियां अपनी इकाई लगाना चाहती हैं। एयरपोर्ट के साथ इस इलाके की कनेक्टिवटी बहुत बेहतर है। यहां यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे भी गुजरता है। यही कारण है कि उद्यमी यहां पर अपनी इकाई लगाने के लिए इच्छा जता रहे हैं।  

यमुना प्राधिकरण की विकास योजना
पहला चरण : यीडा सिटी, गौतमबुद्ध नगर- 24739 हेक्टेयर

दूसरा चरण : टप्पल बाजना अलीगढ़-11104 हेक्टेयर
राया, मथुरा- 9366 हेक्टेयर

तीसरा चरण : आगरा शहरी केंद्र - 12000 हेक्टेयर

यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे आगरा क्षेत्र में एक नया शहर बसाया जाएगा। पहले इसका मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। अभी राया में बसने वाने नये शहर की डीपीआर बनाने के लिए कंपनी चयन की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही कंपनी का चयन हो जाएगा।
डॉ.अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.