आज रात से यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करना होगा महंगा, जानिए नए टोल रेट

जरूरी खबर : आज रात से यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करना होगा महंगा, जानिए नए टोल रेट

आज रात से यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करना होगा महंगा, जानिए नए टोल रेट

Google Image | Yamuna Expressway

Yamuna Expressway Toll Rates : यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। आज देर रात 12:00 बजे से यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करना महंगा हो जाएगा। जेपी इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बढ़ी दरों का प्रस्ताव यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) को दिया गया। खास बात यह है कि टू व्हीलर, थ्री व्हीलर और किसानों के रजिस्टर्ड ट्रैक्टर से जुड़े टोल रेट नहीं बढ़ाए जाएंगे। अब कार वालों को ग्रेटर नोएडा से आगरा तक 165 किलोमीटर की एक तरफ यात्रा करने के लिए 437 रुपए चुकाने पड़ेंगे।
 
इस दो वजह से बढ़ाए गए टोल रेट

यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया, "एक्सप्रेसवे पर कंपनी ने रोड सेफ्टी के लिए कई बड़े काम किए हैं। वित्तीय वर्ष 2022-23 में एक्सप्रेसवे पर टोल दरें बढ़ाई गई हैं। कंपनी ने 28 फरवरी 2022 को टोल बढ़ाने के लिए पत्र लिखा था। इस पत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के 19 फरवरी 2010 और 17 जनवरी 2015 के नोटिफिकेशन को आधार बनाया गया है।" सीईओ ने कहा, "वर्ष 2018-19 के बाद टोल बढ़ने का प्रस्ताव आया था लेकिन 14 सितंबर 2021 को टोल दरें यथावत रखने का फैसला लिया गया था। अब कंपनी ने जानकारी दी है कि आईआईटी दिल्ली के रोड सेफ्टी ऑडिट में दिए गए सुझावों पर काम किया गया है। रोड सेफ्टी के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर 22 सुधार किए गए हैं। जिन पर कंपनी ने 130.54 करोड रुपए खर्च किए हैं।" दूसरी वजह बताई कि वर्ष 2019 के बाद टोल दरों में इजाफा किया गया है। जेपी इंफ्राटेक ने करीब 130 करोड रुपए खर्च करके एक्सप्रेसवे पर सेफ्टी-सिक्योरिटी इंतजाम किए हैं। इसे आधार बनाते हुए नई दरें प्रस्तावित की गई थीं।

जानिए अब किसे कितने पैसे देने पड़ेंगे
  1. वाहन             पुराना टोल      नया टोल
  2. टू व्हीलर               205              205
  3. कार या जीप        415              437
  4. हल्के माल वाहन  635              684
  5. सिक्स एक्सल      1295             1394
  6. अत्यधिक भारी       2250              2739
 
कुछ इस तरह बढ़ाए गए टोल रेट
  1.  टू-व्हीलर, थ्री व्हीलर और रजिस्टर्ड ट्रैक्टर को टोल दरों में बढ़ोत्तरी से अलग रखा गया है।
  2. कार, जीप, वैन और हल्की मोटरसाइकिल की दर 2.50 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 2.65 रुपए प्रति किलोमीटर कर दी गई है।
  3. हल्के व्यवसायिक वाहन, हल्के माल यान, मिनी बस की टोल दरें 3.90 प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 4.15 रुपए प्रति किलोमीटर कर दी गई हैं। 
  4. बस या ट्रक की दर 7.90 रुपए प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 8.45 रुपए प्रति किलोमीटर कर दी गई हैं।
  5. छह एक्सल वाले भारी वाहन से अभी 12.05 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल वसूली की जा रही थी, इसे बढ़ाकर 12.45 रुपए किलोमीटर कर दी गई है।
  6. अत्यधिक भारी वाहनों से अब तक 15.55 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल लिया जा रहा था, अब यह दर बढ़ाकर 16.60 रुपए पैसे प्रति किलोमीटर कर दी गई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.