शराब के नशे में किया था महिला का कत्ल, डेढ़ महीने बाद पुलिस ने किया पर्दाफाश

ग्रेटर नोएडा : शराब के नशे में किया था महिला का कत्ल, डेढ़ महीने बाद पुलिस ने किया पर्दाफाश

शराब के नशे में किया था महिला का कत्ल, डेढ़ महीने बाद पुलिस ने किया पर्दाफाश

Tricity Today | आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा की दनकौर थाना पुलिस ने 23 फरवरी को क्षेत्र में एक महिला के हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अभियुक्त को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद की गई है। इसी ईंट कई बार वार कर आरोपी ने महिला की हत्या की थी। बाद में उसे झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया था। पुलिस इस मामले में लगातार छानबीन कर रही थी और तकरीबन डेढ़ महीने बाद कामयाबी हासिल हुई। 

नशे की हालत में था
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी विशाल पांडे ने पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूछताछ में अभियुक्त ने हत्याकांड को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी ने कहा है कि वह 23 फरवरी की रात नशे की हालत में था। उसी दौरान जब वह बाहर निकला, तो उर्मिला देवी पत्नी गिरेंद्र उर्फ टेलर की पत्नी किराए के कमरे में अकेली थी। नशे की हालत में आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। मृतका ने इसका विरोध किया, तो अभियुक्त ने उसके सिर पर ईंट से वार कर उसे बेहोश कर दिया। 

पहचान छिपाने के लिए किया कत्ल
पकड़े जाने से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए उसे कमरे से उठा कर जंगल में ले गया और वहां उसके सिर पर कई बार ईंट से लगातार वार करता रहा। बाद में महिला को मृत समझकर छोड़ कर भाग गया। घटना में प्रयुक्त ईंट को झाड़ियों में छिपा दिया था। अभियुक्त रविंद्र उर्फ पप्पी पुत्र कालू भगत गौतमबुद्ध नगर जिले के दनकौर थाना क्षेत्र के चपरगढ़ का रहने वाला है। पुलिस उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। 

यह है पूरा मामला 
बताते चलें कि 23 फरवरी की रात को दनकौर पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के जंगल में एक अज्ञात महिला गंभीर जख्मी हालत में पड़ी हुई है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मृतका की शिनाख्त उर्मिला देवी पत्नी गिरेंद्र उर्फ टेलर के रूप में हुई थी। वह हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र के राइयां गांव की रहने वाली थी। इसके बाद दनकौर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया था और इसकी छानबीन कर रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस को 4 अप्रैल को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने हत्यारे को दबोच लिया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.