यमुना अथॉरिटी का बुलडोजर फिर दहाड़ा, झाझर कस्बे के पास अवैध कॉलोनी ढहाई, करोड़ों की जमीन मुक्त

BIG BREAKING : यमुना अथॉरिटी का बुलडोजर फिर दहाड़ा, झाझर कस्बे के पास अवैध कॉलोनी ढहाई, करोड़ों की जमीन मुक्त

यमुना अथॉरिटी का बुलडोजर फिर दहाड़ा, झाझर कस्बे के पास अवैध कॉलोनी ढहाई, करोड़ों की जमीन मुक्त

Tricity Today | यमुना अथॉरिटी का बुलडोजर फिर दहाड़ा

Yamuna City News : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने भूमाफिया के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसी सिलसिले में मंगलवार को एक बार फिर बड़ी कार्यवाही की गई है। प्राधिकरण ने अपने अधिसूचित इलाकों में अवैध रूप से बनाई गई कॉलोनियों को ढहाया है। मंगलवार को यह कार्यवाही बुलंदशहर जिले के झाझर कस्बे के आसपास की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक अथॉरिटी के अमले ने कई करोड़ रुपए की जमीन भूमाफिया के चंगुल से मुक्त करवाई है। बड़ी बात यह है कि भूमाफिया इस इलाके में भोले-भाले लोगों को शिकार बनाकर अवैध धंधा चला रहा है।

जेवर एयरपोर्ट के आसपास बताई जा रही हैं अवैध कॉलोनी
जेवर में जब से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास हुआ है, तमाम भूमाफिया सक्रिय हो गए हैं। हवाईअड्डे से 25-30 किलोमीटर के दायरे में धड़ाधड़ अवैध कालोनियां बसाई जा रही हैं। भूमाफिया स्थानीय किसानों को झांसे में लेकर यह अवैध धंधा चमका रहे हैं। माफिया स्थानीय किसानों से संपर्क करते हैं। उन्हें प्राधिकरण के मुआवजे से ज्यादा पैसा देने का लालच दे रहे हैं। इसके बाद किसानों से छोटे-छोटे भूखंडों की रजिस्ट्री खरीदारों के नाम करवाते हैं। भूमाफिया पैसा लगाकर सड़क, चारदीवारी और बिजली के खंभे खड़े कर देता है। जब लोग अपने भूखंडों की चारदीवारी करना शुरू करते हैं तो प्राधिकरण को अवैध कॉलोनी की भनक लगती है। प्राधिकरण कार्यवाही करता है तो उसकी जद में किसान आते हैं। दरअसल, भूमाफिया दस्तावेजों पर कहीं नहीं होता है।

100 से ज्यादा अवैध कॉलोनी बस चुकी हैं
एक अनुमान के मुताबिक जेवर से लेकर झाझर, टप्पल, बाजना और मथुरा तक यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के अधिसूचित गांवों में 100 से ज्यादा अवैध कालोनियां भूमाफिया ने बसा दी हैं। जानकारी मिलने पर यमुना प्राधिकरण इन कालोनियों को तोड़ रहा है। जानकारी यह भी मिल रही है कि भूमाफिया के पीछे कुछ "पॉलिटिकल इमेज" वाले लोग भी खड़े हुए हैं, जो इन अवैध हाउसिंग प्रोजेक्ट को बचा लेने के नाम पर हिस्सेदारी ले रहे हैं। जब प्राधिकरण का अमला एक्शन लेता है तो पॉलिटिकल इमेज वाले अफसरों पर दबाव डालते हैं।

7 दिनों पहले भी हुई कार्रवाई
आपको बता दें कि 7 दिनों पहले भी यमुना अथॉरिटी ने अवैध कॉलोनियां ध्वस्त की थी। जिसमें करीब 40 हेक्टेयर जमीन को कब्जा मुक्त किया था। जहां पर कॉलोनियां काटी जा रही थी, वो इलाका अधिसूचित क्षेत्र में आता है। पिछले मंगलवार को यमुना अथॉरिटी की तरफ से यह कार्रवाई की गई है। जिसमें एयरो स्पेस, यमुना विहार और अपना घर नाम से कॉलोनी काटी जा रही थी। पुलिस बल के साथ पहुंची टीम ने वहां काटी जा रही कॉलोनी में तोड़फोड़ कर दी। सड़कों को उखाड़ दिया। वहां बने अस्थाई निर्माण को ढहा दिया। टीम ने वहां गाड़े गए खंभे भी काट दिए। 
 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.