यमुना प्राधिकरण टप्पल और राया में दो नए शहर बसाएगा, देश की 17 बड़ी कंपनियां दौड़ में शामिल, पढ़िए खास जानकारी

अच्छी खबर : यमुना प्राधिकरण टप्पल और राया में दो नए शहर बसाएगा, देश की 17 बड़ी कंपनियां दौड़ में शामिल, पढ़िए खास जानकारी

यमुना प्राधिकरण टप्पल और राया में दो नए शहर बसाएगा, देश की 17 बड़ी कंपनियां दौड़ में शामिल, पढ़िए खास जानकारी

Tricity Today | Dr Arunvir Singh IAS

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Authority) अलीगढ़ जिले के टप्पल और मथुरा के राया क्षेत्र में अर्बन इंडस्ट्रियल हब बसाने जा रहा है। इसके लिए विकास प्राधिकरण ने कंसलटेंट कंपनियों से प्रस्ताव मांगे थे। दोनों हब के लिए 17 कम्पनियों ने काम करने की इच्छा जाहिर की है। कम्पनियों की तकनीकी निविदाएं सोमवार को यमुना प्राधिकरण के कार्यालय में खोली गई हैं।

यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह ने बताया कि टप्पल अर्बन हब के लिए 11 कंपनियों ने निविदा दाखिल की हैं। टप्पल में इंडस्ट्रियल हब विकसित किया जाएगा। यह यमुना प्राधिकरण का गौतमबुद्ध नगर जिले से बाहर पहला प्रोजेक्ट होगा। मथुरा के राया क्षेत्र में नया वृंदावन शहर बसाया जाएगा। इसके लिए भी कंसलटेंट कंपनियों को आमंत्रित किया गया था। राया के पास बसने वाले इस शहर की डीपीआर और मास्टर प्लान बनाने के लिए छह कंपनियों ने आवेदन किया है। सभी 17 कंपनियों की तकनीकी निविदाएं सोमवार को खोली गई हैं। जल्दी ही दोनों शहरों के लिए कंसलटेंट कंपनियों की नियुक्ति कर दी जाएगी। सीईओ ने कहा कि यह दोनों स्मार्ट शहर होंगे। केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना के मानकों पर ही इन्हें विकसित किया जाएगा।

यमुना प्राधिकरण एक्सप्रेसवे के किनारे तीन स्मार्ट शहर बसाएगा। इसके लिए विस्तृत योजना तैयार करवाई जा रही है। प्रत्येक शहर में पांच-पांच लाख लोगों के रहने के इंतजाम किए जाएंगे। यह शहर बिजली, पानी और सीवर सफाई के मामले में आत्मनिर्भर होंगे। यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और इंटरनेट कनेक्टिविटी के मामले में अंतरराष्ट्रीय मानक उपयोग किए जाएंगे।

यमुना प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, अब विकास प्राधिकरण गौतमबुद्ध नगर से आगे अलीगढ़, आगरा और मथुरा में अपनी विकास योजनाएं लेकर जाना चाहता है। इस योजना को दो हिस्सों में लागू किया जाएगा। दोनों योजनाएं सामान्य रूप से काम करेंगी। एक हिस्से में अलीगढ़ आगरा और मथुरा में आवासीय सुविधाओं का विकास किया जाएगा। समांतर रूप से औद्योगिक विकास भी किया जाएगा। प्राधिकरण चाहता है कि जिन उद्योगों को वहां भूमि आवंटन किया जाए, उन्हें आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिलती रहें। इसके लिए मथुरा के राया क्षेत्र में न्यू वृंदावन नाम का शहर बसाया जाएगा। अलीगढ़ में टप्पल के पास और आगरा में तीसरा नया शहर विकसित होगा। इन तीनों शहरों में पांच-पांच लाख जनसंख्या के लिए मूलभूत सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का विकास होगा।

इन शहरों में यह खूबियां होंगी
  1. स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम : इन तीनों शहरों में स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम रहेगा। सड़कों पर सार्वजनिक यातायात और निजी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था होगी। शहर को ट्रैफिक सिग्नल रहित रखा जाएगा। इससे शहरों में प्रदूषण घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।
  2. जीरो डिस्चार्ज शहर होंगे : इन शहरों से निकलने वाला सीवर नदियों में नहीं डाला जाएगा। तीनों शहर जीरो डिस्चार्ज जोन होंगे। पानी को रिसाइकल करके दोबारा बागवानी और उद्यान सिंचाई में इस्तेमाल किया जाएगा।
  3. बिजली के लिए आत्मनिर्भर होंगे : इन शहरों में ज्यादा से ज्यादा सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा। शहर में सार्वजनिक स्थानों और सामूहिक उपयोग में सौर ऊर्जा का ही इस्तेमाल होगा। शहर में आकर बसने वाले लोगों को भी अपनी जरूरत का कम से कम 50 फ़ीसदी हिस्सा सौर ऊर्जा से हासिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
  4. वाटर रिचार्ज पर जोर होगा : इन तीनों शहरों में रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए जितने भूगर्भ जल या दूसरे जल स्रोतों का उपयोग किया जाएगा, प्राधिकरण उतना ही पानी बारिश के जरिए रिचार्ज करने की योजना बना रहा है। इसके लिए निजी और सार्वजनिक भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित होंगे।
  5. पर्यावरण के प्रति संजीदगी : यह तीनों शहर पर्यावरण के प्रति संजीदगी की भावना पर आधारित होंगे। राया में प्रस्तावित न्यू वृंदावन शहर भगवान श्रीकृष्ण की प्रेरणाओं को परिलक्षित करेगा। जिसमें पर्यावरण संरक्षण की भावना भी नजर आएगी।

पहले चरण में मथुरा जिले में नई वृंदावन शहर बसाने की योजना पर काम शुरू किया गया है टप्पल में औद्योगिक गतिविधियां पहले शुरू की जाएंगी यह तीनों शहर अत्याधुनिक होंगे लेकिन पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।
- डॉक्टर अरुणवीर सिंह, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना प्राधिकरण

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.