दुनिया में सबसे बड़ा होगा यमुना सिटी का पॉड टैक्सी रूट, दौड़ेंगी 945 पॉड टैक्सी

Yamuna Authority : दुनिया में सबसे बड़ा होगा यमुना सिटी का पॉड टैक्सी रूट, दौड़ेंगी 945 पॉड टैक्सी

दुनिया में सबसे बड़ा होगा यमुना सिटी का पॉड टैक्सी रूट, दौड़ेंगी 945 पॉड टैक्सी

Google Image | Symbolic Photo

Greater Noida News : यमुना सिटी में प्रस्तावित पॉड टैक्सी का रूट दुनिया में सबसे बड़ा होगा। जेवर एयरपोर्ट (Jewar International Airport) और फिल्म सिटी (Yamuna Film City) के बीच प्रस्तावित पॉड टैक्सी का कॉरिडोर 14.6 किलोमीटर लंबा होगा। जिन-जिन देशों में पॉड टैक्सी चल रही हैं, अभी इतना बड़ा कॉरिडोर नहीं है। इस परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है। जल्द ही इस पर फैसला लिया जाएगा।

945 पॉड टैक्सी चलाएगा प्राधिकरण
यमुना प्राधिकरण ने फिल्म सिटी और जेवर एयरपोर्ट के बीच पॉड टैक्सी चलाने की योजना बनाई है। इसकी डीपीआर केंद्र सरकार की कंपनी इंडियन पोर्ट रेल एंड रोप-वे कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बनाई है। शासन की पीपीपी परियोजना के लिए गठित इवैल्युवेशन कमेटी भी डीपीआर का अध्ययन कर चुकी है। फिल्म सिटी और जेवर एयरपोर्ट के बीच चलने वाली पॉड टैक्सी औद्योगिक सेक्टर को भी जोड़ेगी। इसमें 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। यमुना सिटी के सेक्टर-29, हैंडीक्राफ्ट पार्क, एमएसएमई पार्क, अपैरल पार्क, सेक्टर-32, सेक्टर-33, टॉय पार्क और सेक्टर-21 आदि स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर की लंबाई 14.6 किलोमीटर होगी। पॉड टैक्सी दो चरणों में आएंगी। पहले चरण में करीब 146 पॉड टैक्सी खरीदी जाएंगी। दूसरे चरण में 799 पॉड टैक्सी खरीदी जाएंगी। दो वर्ष में यह परियोजना पूरी होगी। 

रूट पर स्टेशन भी अधिक रहेंगे
जिन देशों में पॉड टैक्सी चल रही है, वहां अभी इतना लंबा कॉरिडोर नहीं है। अब तक 1.4 किलोमीटर से लेकर 6 किलोमीटर तक लंबे कॉरिडोर हैं। स्टेशनों की संख्या काफी कम है। यमुना प्राधिकरण में चलने वाली पॉड टैक्सी में 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं। स्टेशनों के मामले में भी यह रूट सबसे बड़ा रहेगा।

बिना चालक के दौड़ेंगी पॉड टैक्सी
डीपीआर के अनुसार पॉड टैक्सी का संचालन शुरू होने पर इससे रोजाना करीब आठ हजार यात्री सफर करेंगे। अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पॉड टैक्सी दौड़ेगी। पॉड टैक्सी 4 से 6 सीटर वाली ऑटोमेटिक गाड़ी है। इसे बिना ड्राइवर के चलाया जाता है। पॉड टैक्सी में 8 यात्री बैठकर तथा 13 यात्री खड़े होकर सफर करेंगे। इसका किराया 8 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से तय हो सकता है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.