Covid-19 Vaccination : 100 करोड़ से ज्यादा कोविड वैक्सीन डोज देकर भारत ने रचा इतिहास, जानें किसने क्या कहा

Tricity Today | 100 करोड़ से ज्यादा कोविड वैक्सीन डोज देकर भारत ने रचा इतिहास



New Delhi : देश के लिए आज गौरव का क्षण है। कोरोना वायरस महामारी की मार से जुझ रहे विशाल आबादी वाले देश में 100 करोड़ से ज्यादा निवासियों को कोविड वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है। इस पर पूरे देश में खुशी है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, आज का दिन इतिहास में दर्ज़ हो गया है। भारत ने 100 करोड़ वैक्सीन डोज़ का आंकड़ा पार कर लिया है। 100 साल में आई सबसे बड़ी महामारी का मुकाबला करने के लिए देश के पास अब 100 करोड़ वैक्सीन डोज़ का मज़बूत सुरक्षा कवच है। ये उपलब्धि भारत और भारत के प्रत्येक नागरिक की है। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, "हमारे डॉक्टरों, नर्सों और उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए काम किया।“

इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरएमएल अस्पताल में वैक्सीनेशन सेंटर पर स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ बातचीत की। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बाद कोविड-19 वॉर रूम पहुंचे। वहां केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मिठाई बांटी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत ने 100 करोड़ कोविड वैक्सीन लगाने की बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आज का दिन भारत के इतिहास में स्वर्णिम दिन के तौर पर दर्ज़ होगा। हमने 100 करोड़ वैक्सीन सिर्फ 9 महीने में लगाई है। 

टीकाकरण के मामले में टॉप 5 राज्य
उत्तर प्रदेश -  12,21,40,914
महाराष्ट्र - 9,32,00,708
पश्चिम बंगाल - 6,85,12,932
गुजरात - 6,76,67,900
मध्य प्रदेश - 6,72,24,286 
 
इस अवसर पर देश में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड बनाने वाले यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा भारती, लखनऊ में वैक्सीनेशन सेंटर पर स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया। जनता से भेंट कर देश में 100 करोड़ वैक्सीनेशन होने पर बधाई दी। सीएम ने कहा कि दुनिया में सबसे तेज, व्यवस्थित व बेहतर वैक्सीनेशन अभियान के अंतर्गत आज देश में 100 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाने का आंकड़ा पार हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश ने कोरोना महामारी के खिलाफ वैश्विक व ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। इसके लिए समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं कर्मठ स्वास्थ्यकर्मियों का आभार। उन्होंने आगे कहा, कोरोना मुक्त भारत की संकल्पना को साकार करने में योगदान देने वाले लोगों को मैं बधाई देता हूं। 

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, देश में 100 करोड़ वैक्सीनेशन डोज़ का आंकड़ा पार होने पर लोगों का आभार व्यक्त करता हूं... दुनिया को भारत ने दिखाया है कि बड़े से बड़ा लक्ष्य भी प्राप्त किए जा सकते हैं... भारत ने वैक्सीन मैत्री के माध्यम से दुनिया के देशों में मदद पहुंचाने का काम किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ऐतिहासिक व गौरवमयी क्षण! आज भारत ने 100 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन लगाने के लक्ष्य को प्राप्त कर पीएम नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व व निरंतर प्रोत्साहन से एक ऐसा कीर्तिमान बनाया है जिसने पूरे विश्व को नए भारत की अपार क्षमताओं से पुनः परिचित कराया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे देश को बधाई देता हूँ।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, अनेक चुनौतियों को पार कर इस महायज्ञ में अपना योगदान देने वाले सभी वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं व स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व हर व्यक्ति की सुरक्षा व स्वास्थ्य हेतु संकल्पित मोदी जी का अभिनन्दन करता हूँ। भारत ने जिस रफ़्तार से 100 करोड़ के आंकड़े को छुआ है ये दर्शाता हैकि सरकार प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा के लिए पूर्णतः संकल्पित है। इस ऐतिहासिक क्षण पर मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ह्रदय से धन्यवाद देता हूँ व सभी स्वास्थ्य कर्मियों और जनता को बधाई देता हूँ। 

उन्होंने आगे कहा, कठिन संघर्ष के समय में अद्भुत सामर्थ्य का परिचय देते हुए भारत ने 10 माह से कम समय में 100 करोड़ कोविड वैक्सीनेशन के लक्ष्य को प्राप्त किया है। यह स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि होने के साथ ही विश्व पटल पर भारत के सामर्थ्य का प्रतीक है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, दुनिया के बड़े-बड़े देशों जिनका हेल्थकेयर सिस्टम बहुत अच्छा है, उनसे भी बेहतर तरीके से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने देशभर में व्यापक रूप से वैक्सीनेशन किया। आज 100 करोड़ वैक्सीनेशन का बहुत महत्वपूर्ण पड़ाव पार हुआ है।

अन्य खबरें