सुरेंद्र सिंह को दिल्ली में मिली बड़ी जिम्मेदारी : लेफ्टिनेंट गवर्नर के सचिव बनाए गए

Tricity Today | Surendra Singh



New Delhi : उत्तर प्रदेश से यूनियन टेरिटरी कैडर में प्रतिनियुक्ति पर भेजे गए आईएएस अफसर सुरेंद्र सिंह को दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह दिल्ली सरकार में काम करेंगे। उन्हें दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर का सचिव नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि केंद्र सरकार की मांग पर सुरेंद्र सिंह को प्रतिनियुक्त किया गया है। वह मेरठ मंडल के आयुक्त और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी थे। सोमवार को उन्होंने प्रतिनियुक्ति पर एजीएमयूटी कैडर ज्वाइन किया है।

एलजी के सचिव और निजी सचिव बदले गए
दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर विनय कुमार सक्सेना के सचिव और प्रमुख सचिव, दोनों की नई नियुक्ति की गई हैं। अब लेफ्टिनेंट गवर्नर के प्रमुख सचिव चंद्र भूषण कुमार बनाए गए हैं। वह यूनियन टेरिटरी कैडर में वर्ष 1995 बैच आईएएस अफसर हैं। लेफ्टिनेंट गवर्नर के सचिव की जिम्मेदारी सुरेंद्र सिंह को दी गई है। सुरेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश कैडर में 2005 बैच के आईएएस अफसर हैं और इसी सप्ताह प्रतिनियुक्ति पर यूनियन टेरिटरी अकेडमी भेजा गया है। आपको बता दें कि दिल्ली के लिहाज से लेफ्टिनेंट गवर्नर का कार्यालय बेहद महत्वपूर्ण होता है। केंद्र सरकार ने अपने दो विश्वस्त आईएएस अफसरों को एलजी कार्यालय में तैनाती की है। जिस तरह से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार और लेफ्टिनेंट गवर्नर के बीच खींचतान का माहौल चल रहा है, उसमें यह दोनों नियुक्तियां और महत्वपूर्ण हो जाती हैं।

मेरठ से केंद्र तक का सफर
सुरेंद्र सिंह आईएएस मूल रूप से मथुरा के रहने वाले हैं। सुरेंद्र सिंह का जन्म 15 अगस्त 1978 को हुआ। सुरेंद्र सिंह 2005 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। सबसे पहले उनकी पोस्टिंग मेरठ में हुई। सुरेंद्र सिंह मेरठ में सबसे पहले असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किए गए थे। वह भदोही, बलरामपुर, फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, बरेली, कानपुर नगर और वाराणसी समेत कई जनपदों के डीएम रह चुके हैं। सुरेंद्र सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में काम कर चुके हैं। उनके पास मेरठ कमिश्नर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार था, लेकिन अब वह केंद्र सरकार में चले गए हैं।

अन्य खबरें