लोकसभा चुनाव 2024 : सीएम योगी का गाजियाबाद दौरा कल, टिकट मिलने के बाद पहली बार अतुल गर्ग से होगी मुलाकात

गाजियाबाद | 2 महीना पहले | Sonu Singh

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ



Ghaziabad News : कल 27 मार्च को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गाजियाबाद भाजपा महानगर इकाई द्वारा आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा के नेतृत्व में एक बैठक का आयोजन कर कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में गाजियाबाद से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग भी पहुंचे। टिकट मिलने के बाद कार्यालय पहुंचने पर उनका पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

इनकी सूची पर हुई गहन वार्ता 
गाजियाबाद के नेहरू नगर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचने पर लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां की गई। महानगर पदाधिकारी मंडल के अध्यक्ष और मंडल प्रभारी ने अपने-अपने क्षेत्र के डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, व्यापारी आदि की सूची पर गहन वार्ता की। कार्यक्रम की सफलता के लिए बैठक में व्यवस्थाओं का आवंटन भी किया गया। जिसमें महानगर पदाधिकारी मोर्चा एवं मंडल के प्रमुख कार्यकर्ताओं को कार्यभार सौंपा गया। संजीव शर्मा ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को बताया कि सम्मेलन में बिना पास के एंट्री नहीं होगी। सभी को 2:30 बजे से पहले ही प्रवेश करना होगा। इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने सभी कार्यकर्ताओं के साथ परिचय किया। 

भाजपा प्रत्याशी बोले- सभी कार्यकर्ता अतुल गर्ग 
भाजपा लोकसभा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने आप को भाजपा का प्रत्याशी अतुल गर्ग समझे। ये टिकट कार्यकर्ता का सम्मान है। आपको अपने मोहल्ले अपने क्षेत्र में खड़े होकर खुद ही अतुल गर्ग बनकर चुनाव को संभालना है। मतदान कराना है। बैठक में लोकसभा चुनाव संयोजक अजय शर्मा, जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान, पूर्व अध्यक्ष विजय मोहन, महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, सुशील गौतम, गोपाल अग्रवाल, राजेश त्यागी, रनिता सिंह, बॉबी त्यागी, संदीप त्यागी, राजेन्द्र यादव, सुनील यादव, संजीव चौधरी, विनय चौधरी, मोनिका पंडिता, चमन चौहान, कुलदीप त्यागी, संजय रावत, बीएल गौतम संजय कांत शर्मा, रेनू चंदेला, भक्ति सिंह, महानगर मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी समेत समस्त मोर्चा अध्यक्ष व सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का समापन जिला अध्यक्ष सतपाल प्रधान द्वारा किया गया।

अन्य खबरें