गाजियाबाद में भाजपा की तैयारी :   सदस्यता का दूसरा चरण हुआ पूरा, अब सक्रिय सदस्यता की बारी

Tricity Today | कार्यशाला को संबोधित करते भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया।



Ghaziabad News : भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा की अगुवाई में मंगलवार को सक्रिय सदस्यता अभियान के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। शहर मंडल के हिंडन विहार स्थित बाल्मिकी भवन में आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया और सक्रिय सदस्यता के सत्यापन अधिकारी के रूप में मेरठ महानगर के पूर्व अध्यक्ष मुकेश सिंघल का संबो‌धन हुआ। मुख्य वक्ता और सत्यापन अधिकारी ने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक सक्रिय सदस्य बनाने के लिए प्रेरित किया।

16 से 31 अक्टूबर तक चलेगा सक्रिय सदस्यता अभियान
मुख्य वक्ता क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया ने कहा 16 अक्टूबर से सक्रिय सदस्यता अभियान शुरू होगा। सामान्य सदस्यता अभियान का दूसरा चरण 15 अक्टूबर को संपन्न हो गया, हालांकि सदस्यता का क्रम जारी रहेगा। सक्रिय सदस्यता के लिए संगठन महापर्व अभियान 16 से 31 अक्तूबर तक चलेगा। जिस कार्यकर्ता ने कम से कम 100 सदस्य बनाए हैं, वही कार्यकर्ता सक्रिय सदस्यता के लिए आवेदन कर सकेगा। सक्रिय सदस्यता के लिए100 रुपए का शुल्क होगा, सक्रियता शुल्क नमो एप पर डिजीटली देय होगा। सक्रिय सदस्य सभी वर्गों से बनाए जाएंगे।

एक से चार नवंबर तक होगा सत्यापन
क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशौदिया ने बताया 1 नवम्बर से 4 नवम्बर तक सक्रिय सदस्यता के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। सत्यापन अधिकारी मुकेश सिंघल  ने कहा कि भाजपा राजनीतिक कार्यकर्ताओं की विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा में कार्यकर्ता संगठन में रहते हुए जन सेवा के कार्य कर आगे बढ़ता है। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि सक्रिय सदस्यता अभियान सभी वर्गों में चल रहा है। सभी वर्गों को भाजपा सक्रिय सदस्य बनाकर भी विशेष रूप से पार्टी से जोड़ा जाएगा।

कार्यशाला में ये लोग रहे मौजूद
कार्यशाला बैठक के दौरान बलदेव राज शर्मा, पूर्व विधायक कृष्ण वीर सिरोही, पूर्व नगर अध्यक्ष अमरदत्त शर्मा, पूर्व डिप्टी मेयर राजेश्वर प्रसाद, पूर्व एमएलसी सुरेश कश्यप, पूर्व पार्षद अनिल स्वामी, ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी, महामंत्री पप्पू पहलवान, संदीप त्यागी, सुशील गौतम, गोपाल अग्रवाल, मोनिका पण्डिता, कामेश्वर त्यागी, धीरज शर्मा, संजय रावत, चमन चौहान, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, मंडल अध्यक्ष महिम गुप्ता, करण शर्मा, अजीत कुमार झा, प्रतीक माथुर, प्रियंका प्रियदर्शिनी, पंकज भारद्वाज, पार्षद पप्पू नागर, पार्षद अनिल शर्मा, अमित त्यागी, हरमीत बख्शी, दीपक राघव , अनुज त्यागी, अमित रंजन, राहुल तोमर सहित सभी मंडल अध्यक्ष  एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।

अन्य खबरें