BIG BREAKING : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मुठभेड़, यूपी एसटीएफ ने एक लाख का इनामी मार गिराया

Tricity Today | कपिल | File Photo



Greater Noida : गौतमबुद्ध नगर से बड़ी खबर है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यूपी एसटीएफ और बदमाशों के बीच अब से थोड़ी देर पहले मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश मारा गया है। साल के पहले ही दिन शहर में कुख्यात बदमाश को पुलिस ने मार गिराया है। एसटीएफ और गौतमबुद्ध नगर पुलिस से पूरी जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।

योगेश भदौड़ा गैंग का शार्प शूटर मारा गया
यूपी एसटीएफ से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान कपिल के रूप में हुई है। यह मेरठ के योगेश भदौड़ा गैंग का शार्प शूटर था। बागपत में पिछले दिनों हुए डबल मर्डर केस में वांटेड चल रहा था। कपिल के खिलाफ करीब 45 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और अपहरण जैसे संगीन मामले हैं।

खेकड़ा में रंजिशन दादा-पोते को मौत के घाट उतारा
खेकड़ा (बागपत) थानाक्षेत्र के बसी गांव के जंगल में 1 फरवरी 2022 की सुबह दिनदहाड़े दादा-पोते की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। वे दोनों खेत से गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चीनी मिल जा रहे थे। इसी दौरान दोनों को करीब 15-15 गोलियां मारी गई थीं। बसी गांव के किसान सत सिंह (80 वर्ष) और उनका पोता मनदीप (20 वर्ष) उस दिन सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत से गन्ना लेने गए थे। वहां से गन्ना लेकर लौटते समय गोशाला के समीप उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गई थीं। दोनों ट्रैक्टर से नीचे भी नहीं उतर सके। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों को करीब 15 गोलियां मारी गई थीं।

राकेश और बिल्लू दुजाना से थे करीबी रिश्ते
कपिल मूल रूप से खेकड़ा क्षेत्र के गांव बसी का रहने वाला था। कपिल के पिता को दूसरे पक्ष ने मार दिया था। पिता की हत्या का बदला लेने के लिए कपिल ने सत सिंह और उनके पोते मनदीप को मौत के घाट उतारा था। कपिल का राकेश और बिल्लू दुजाना से गहरा रिश्ता था। इन तीनों ने मिलकर गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में भी दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। उस मामले में गाजियाबाद पुलिस ने राकेश और बिल्लू दुजाना का 2 जून 2022 को वेव सिटी में एनकाउंटर किया था। राकेश और बिल्लू दुजाना पर पचास पचास हजार रुपे का इनाम घोषित किया गया था। तभी से गाजियाबाद पुलिस भी कपिल की तलाश कर रही थी। करीब 11 महीनों से कपिल को बागपत पुलिस तलाश कर रही थी। कपिल की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

कपिल गैंगस्टर घोषित हुआ, गांव में प्रॉपर्टी जब्त
कपिल बागपत जिले में खेकड़ा के बसी गांव का रहने वाला था। उसे बागपत के जिलाधिकारी ने गैंगस्टर घोषित कर दिया था। पिछले साल मार्च महीने में उसका घर पुलिस ने सील कर दिया था। कपिल के पिता कृपाल की कई वर्ष पहले हत्या कर दी गई थी। कृपाल की लाश नहीं मिली। इसके बाद कपिल मेरठ के योगेश भदौड़ा गैंग में शामिल हो गया था। उसने बागपत, गाजियाबाद के अलावा हरियाणा और दिल्ली में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया। उस पर तीनों राज्यों में 45 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर के मामले हैं। कपिल सितंबर 2021 में जमानत पर जेल से छूटा था। उसने गांव में 31 जनवरी 2022 को दिनदहाड़े वृद्ध सतसिंह और उनके पोते मनदीप की जंगल में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। दोनों के शरीर मे 30 गोलियां मिली थीं। मनदीप की मां ने कपिल और सात अन्य लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया था। दोहरे हत्याकांड में फरार कपिल पर पुलिस ने शुरू में 25 हजार का ईनाम भी घोषित किया था। अब तक उस पर ईनाम बढ़कर एक लाख रुपये हो गया था।

अन्य खबरें