Tricity Today Exclusive : वर्ष 2025 में होगी गौतमबुद्ध नगर की जनगणना, आबादी पहुंचेगी 30 लाख के पार!

Tricity Today | Symbolic Photo



Greater Noida News : केंद्र सरकार ने एक बार फिर जनगणना के लिए तैयारी तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि अगले वर्ष यानी कि 2025 में पूरे देश में जनगणना हो सकती है। इसके लिए काफी विभागों ने काम करना शुरू कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अबकी बार जनगणना में गौतमबुद्ध नगर की आबादी करीब 30 लाख पहुंच जाएगी।

वोटरों की संख्या 18,82,177
इसी वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान वोटरों की संख्या 18,82,177 थीं। इसके अलावा वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार गौतमबुद्ध नगर की आबादी 16,74,714 थी। अब दोबारा से जनगणना होगी। जिसमें बताया जा रहा है की आबादी 40 लाख के पार पहुंच जाएगी। तेजी के साथ गौतमबुद्ध नगर में आबादी बढ़ती जा रही है। खासतौर पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट की जनसंख्या में तेजी के साथ उछाल आ रहा है।

हो सकता है चक्र में बदलाव
देश में वर्ष 2021 में होने वाली जनगणना जो कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दी गई थी। जो अब अगले साल 2025 से शुरू हो सकती है। सूत्रों के अनुसार यह जनगणना 2025 में शुरू होकर 2026 तक चलेगी। इस देरी का प्रमुख कारण महामारी का प्रकोप रहा। जिसने पूरी जनगणना प्रक्रिया को बाधित कर दिया था। इसके साथ ही इस बार जनगणना के चक्र और कुछ सवालों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए जाने पर विचार किया जा रहा है।

हर दस साल में बदल जाएगा समय
पहले हर दशक की शुरुआत में ही जनगणना की जाती थी। जैसे वर्ष 1991, वर्ष 2001 और वर्ष 2011 आदि में जनगणना होती थी। अब जनगणना का यह चक्र बदल सकता है। वर्ष 2025 में शुरू होने वाली इस जनगणना के बाद अगले चक्र 2035, 2045 और 2055 में होंगे। यह बदलाव जहां एक ओर डेटा संग्रहण और सटीकता में सुधार ला सकता है। वहीं दूसरी ओर जनगणना प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और योजना-बद्ध बना सकता है।

अभी तारीख तय नहीं
हालांकि, इस जनगणना की सटीक तिथियां अभी निर्धारित नहीं की गई हैं। फिर भी महारजिस्ट्रार कार्यालय में तैयारियों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। माना जा रहा है कि जनगणना को पूरा करने में कम से कम दो वर्ष का समय लग सकता है। इस दौरान सरकारी स्तर पर कई नीतिगत निर्णय भी लिए जाएंगे, जिससे यह प्रक्रिया सुचारू और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

अन्य खबरें