ग्रेटर नोएडा में कुणाल मर्डर केस : रोते हुए पिता बोले-पुलिस का हो जाए नाश, इनकी वजह से मारा गया बेटा 

Tricity Today | बेटे की हत्या के बाद पिता कृष्ण कुमार रोते हुए



Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा 2 क्षेत्र में अपहरण के बाद 15 वर्षीय कुणाल शर्मा की हत्या हो गई है। इसके बाद से परिजनों में गुस्सा है। पिता कृष्ण कुमार ने नोएडा पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि नोएडा पुलिस ने इस केस में लापरवाही बरती है। जिसकी वजह से उनका बेटा मारा गया है। पुलिस ने जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की है। 
पुलिस ने उल्टा उनके परिवार के लोगों को उठाया 
घटना के बाद से मृतक के परिजन लगातार पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। मीडिया से बात करते हुए कृष्ण कुमार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बेटे के अपहरण के बाद उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें कुछ लोगों पर शक है। लेकिन पुलिस ने उल्टा उनके परिवार के लोगों को उठा लिया। परिवार के लोगों को बहुत मारा-पीटा गया और इसके बाद उनके सुपुर्द कर दिया। इनमें से एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस की वजह से मारा गया बेटा 
रोते हुए कृष्ण कुमार ने कहा कि सुना था योगी-मोदी पुलिस की पुलिस बहुत अच्छी है। लेकिन आज पता चल रहा है कि यह पुलिस कैसी है। मैं चाहता हूं इस पुलिस का नाश हो जाए, इनकी वजह से उनका बेटा मारा गया। इस पुलिस की लापरवाही से आज उनका बेटा उनके बीच नहीं है। उन्होंने कहा कि 10 मई को उनकी बेटी की शादी है। घर में शादी का माहौल है। इसी की तैयारी को लेकर वह 1 मई को घर गए थे। 

20 दिन पहले पिता पर भी की थी फायरिंग 
परिजनों का कहना है कि इस केस में कदम-कदम पर लापरवाही बरती है। घटना के बाद परिजनों में काफी गुस्सा है। परिजनों का आरोप है कि घटना के करीब 20 दिन पहले व्यापारी कृष्ण कुमार पर भी बदमाशों ने फायरिंग की थी। लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस ने जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस घटना की सही से जांच नहीं की। इसके बाद व्यापारी के बेटे कुणाल का अपहरण कर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि नोएडा पुलिस लापरवाही बरती है। 

25 बीघा जमीन से जुड़ा हो सकता है मामला 
सूत्रों ने दावा किया है कि पूरा मामला 25 बीघा जमीन से जुड़ा हो सकता है। आशंका है कि आपसी रंजिश में सबक सिखाने के उद्देश्य से आरोपी ने अपने करीबी बदमाशों से वारदात को अंजाम दिलाया है। पुलिस की अब तक की जांच पारिवारिक रंजिश के आस-पास घूम रही है।

अन्य खबरें