हापुड़ में दहेज लोभियों की घिनौनी करतूत :  गाड़ी और पैसे के लिए गर्भवती को पीटा, पेट में पल रहे बच्चे की हत्या 

हापुड़ | 12 दिन पहले | Shahrukh Khan

Google Image | Symbolic Image



Hapur News : दहेज में कार और दस लाख रुपयों की मांग कर ससुराल पक्ष के लोगों ने थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव चितौली की विवाहिता को प्रताड़ित किया। गर्भवस्था में पीड़िता के साथ मारपीट की गई। इस कारण पीड़िता का गर्भपात हो गया। मामले में थाना स्तर पर शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी से शिकायत की। एसपी के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

क्या है पूरा मामला 
दरअसल, गांव चितौली की विवाहिता ने बताया कि 4 दिसंबर 2022 को उसकी शादी थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव छज्जूपुर की मढैया के हर्षित के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने अधिक दहेज की मांग कर विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। घर न बिगड़े इस कारण विवाहिता प्रताड़ना सहती रही। इसी बीच पीड़िता गर्भवती हो गई। 18 अक्तूबर 2023 को गर्भावस्था में पति हर्षित, ससुर ऋषिपाल, सास पुष्पा, देवर चेतन व एक अज्ञात आरोपी ने मिलकर पीड़िता को बेरहमी से पीटा। पीड़िता के पेट पर आरोपियों ने लात मारी। इस कारण पीड़िता की हालत बिगड़ गई। इसकी जानकारी पीड़िता ने मायके पक्ष के लोगों को दी। 

गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत 
जिसके बाद वह उसकी ससुराल पहुंचे और पीड़िता को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई है। किसी तरह उपचार के बाद चिकित्सकों ने पीड़िता को बचाया। पीड़िता के उपचार में करीब 2 लाख रुपये खर्च हो गए। इसी सदमें में उसकी माता की मौत हो गई। दस अप्रैल 2024 को ससुर, देवर, सास और कुछ अज्ञात व्यक्ति उसके घर आए और उसके पिता और भाई से अभद्रता कर हत्या की धमकी देकर चले गए। 

क्या बोले अधिकारी?
थाना हाफिजपुर प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि मामले में पति हर्षित, ससुर ऋषिपाल, सास पुष्पा, देवर चेतन और एक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी।

अन्य खबरें