Ghaziabad News : पूर्व महिला पार्षद ने आत्महत्या की, ससुरालजनों पर दहेज का मुकदमा दर्ज, 11 साल पहले हुई थी शादी

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो



GHAZIABAD : विवाहिता की मौत के मामले में ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों को नाम दर्ज किया गया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। 

सेक्टर-9 विजय नगर में रहने वाली 35 वर्षीय विवाहिता गीता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। गोकलपुर अमर कॉलोनी नई दिल्ली निवासी गीता की शादी 28 अप्रैल वर्ष 2009 में विजय नगर के सेक्टर 9 में रहने वाले लोकेश के साथ हुई थी। वधू पक्ष की तरफ से शादी में 50 लाख खर्च किए गए थे। जिस दौरान शादी हुई थी उस दौरान गीता गोकुल क्षेत्र से निगम पार्षद थी। 

आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालियों द्वारा गीता को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था। मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी। जिसकी पुलिस में शिकायत करने की बात की गई तो ससुरालियों ने माफी भी मांगी थी, लेकिन ससुरालिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। 

आरोप है कि इसी क्रम में गीता ने ससुरालियों की प्रताडऩा से तंग आकर मंगलवार की रात फांसी लगा ली थी। विजय नगर थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि इस संबंध में मृतका के पिता तनसुख ने पति लोकेश, सास कृष्णा, ससुर रामानंद और ननद अनीता के खिलाफ गीता को आत्महत्या के लिए विवश करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।

अन्य खबरें