सबसे बड़ी खबर : यूपी में मकर संक्रांति पर उपलब्ध होगा कोरोना का टीका, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इन केंद्रों पर लगेगा, जानिए रोजाना कितने लोगों को वैक्सीन मिलेगी

नोएडा | 3 साल पहले | Mayank Tawer

Tricity Today | Noida



उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए सबसे बड़ी खबर है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मकर सक्रांति पर राज्य में कोरोनावायरस के खिलाफ टीका उपलब्ध हो जाएगा। सभी जिलों में टीका लगाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसी सिलसिले में गौतमबुद्ध नगर के हेल्थ डिपार्टमेंट ने भी तैयारी कर ली हैं। कोल्ड चैन बनकर तैयार हैं। गौतमबुद्ध नगर में 75 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। रोजाना 7500 लोगों को टीके लगाए जाएंगे। मतलब, प्रत्येक केंद्र पर प्रतिदिन 100-100 लोगों को कोरोनावायरस की वैक्सीन दी जाएगी।

गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि राज्य में कोविड-19 का टीका मकर संक्रांति के आसपास उपलब्ध होने की संभावना है। उन्होंने कहा, हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतत्व में मार्च 2020 में कोविड-19 के खिलाफ अभियान शुरू किया और टीके का ड्राइ रन पांच जनवरी को पूरे प्रदेश में होगा। कोविड-19 का टीका मकर संक्रांति के आसपास उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री आज को गोरखपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ता भवन का शिलान्यास कर रहे थे।

गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने बताया कि जिले में कोल्ड चैन बनकर तैयार हो गई है। कोरोना वैक्सीन के लिए ड्राई रन 5 जनवरी को किया जाएगा। इसके लिए भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोरोनावायरस की वैक्सीन लगाने के लिए नोएडा शहर में 42 केंद्र बनाए गए हैं। ग्रेटर नोएडा, दादरी, जेवर, रबूपुरा, बिलासपुर और जहांगीरपुर में 33 केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह पूरे गौतमबुद्ध नगर जिले में 75 केंद्रों पर कोरोनावायरस की वैक्सीन लगाई जाएगी। प्रत्येक केंद्र में 3 कमरे होंगे। वैक्सीन लगाने के बाद लोगों को कुछ देर के लिए अंडर ऑब्जर्वेशन भी रखा जाएगा। देखा जाएगा कि किसी व्यक्ति पर वैक्सीन का दुष्प्रभाव तो नहीं हो रहा है। जिले में रोजाना 7500 लोगों को कोरोनावायरस की वैक्सीन लगाई जाएगी।

गौतमबुद्ध नगर जिले में कोरोना वैक्सीननेशन के लिए ग्रेटर नोएडा का राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) नोडल सेंटर के तौर पर काम करेगा। यहां कोरोनावायरस वैक्सीन के प्रभाव का अध्ययन करने के लिए एक विशेष प्रयोगशाला भी स्थापित की जा रही है।

गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दीपक ओहरी ने बताया कि सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों को कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और जरूरी सहायक कर्मचारियों का प्रशिक्षण चल रहा है।

अन्य खबरें