Noida Traffic News : पर्थला गोलचक्कर पर बदले गए रूट, अब इन मार्गों का करें इस्तेमाल

नोएडा | 3 साल पहले | Anika Gupta

Google Image | पर्थला गोलचक्कर पर बदले गए रूट



पर्थला गोलचक्कर पर सिग्नेचर ब्रिज के निर्माण के कारण शुक्रवार से यहां पर वाहनों के रास्तों में बदलाव किया गया है। अब सेक्टर-72 बाबा बालकनाथ मंदिर की ओर से सीधे किसान चौक की ओर नहीं जा सकेंगे। पर्थला गोलचक्कर पहुंचने के बाद एफएनजी रास्ते पर छिजारसी की ओर मुड़ना होगा। कुछ दूर जाकर वहां बने यू-टर्न से मुड़कर पर्थला गोलचक्कर आना होगा। यहां से किसान चौक की ओर मुख्य रास्ते से न जाकर करीब 100 मीटर दूरी तक सर्विस रोड से जाना होगा।

नोएडा प्राधिकरण सिग्नेचर ब्रिज के रूप में फ्लाईओवर का निर्माण करा रहा है। सुबह-शाम यहां लंबा जाम लगता है। यहां पर सिग्नेचर ब्रिज का काम अक्तूबर 2021 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित था लेकिन कोरोना के कारण बीते दो महीने में काफी धीमी गति से काम हुआ। ऐसे में अब इसका दिसंबर 2021 तक पूरा होने की उम्मीद है। अब कोरोना का कहर कम होने के कारण काम में एक बार फिर तेजी आनी शुरू हो गई है। इसको देखते हुए शुक्रवार को यहां पर वाहनों के रास्तों में बदलाव किया गया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य का दायरा बढ़ाने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 

बाबा बालकनाथ मंदिर की ओर से आकर सीधे किसान चौक की ओर जाने के लिए वाहन चालकों को पहले एफएनजी पर छिजारसी की ओर करीब 250 मीटर तक जाना होगा। वहां बने यू-टर्न से घूमकर वापस गोलचक्कर पर आना होगा। इसके बाद किसान चौक की ओर मुख्य रास्ते पर नहीं जा सकेंगे। करीब 100 मीटर तक सर्विस रोड पर जाने के बाद मुख्य रास्ते पर आना होगा। अधिकारियों का कहना है कि अभी सड़कों पर वाहनों की संख्या काफी कम है, ऐसे में डायवर्जन से जाम नहीं लगेगा। लेकिन कुछ दिनों में संख्या बढ़ने पर जाम लग सकता है। ऐसे में व्यस्त समय में यहां पर व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

अन्य खबरें