गौतमबुद्ध नगर: मोतियाबिंद का मुफ्त इलाज कराएंगी दो संस्थाएं, इस नंबर पर कॉल कर कराएं पंजीकरण

नोएडा | 3 साल पहले | Testing

Tricity Today | मोतियाबिंद का मुफ्त इलाज कराएंगी दो संस्थाएं



गौतमबुद्ध नगर की दो जनसेवी संस्थाओं ने  जनपद को मोतियाबिंद मुक्त बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। दोनों संस्थाओं के अध्यक्षों की आज एक मुलाकात हुई। जिसके बाद इस फैसले पर सहमति बनी। नोएडा विलेज रेसिडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन तोमर एवं लायंस क्लब नोएडा के नवनियुक्त अध्यक्ष आदित्य श्रीवास्तव ने इस बारे में जानकारी दी। 

उन्होंने बताया कि दोनों संस्थाएं मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों और ज़रूरत पड़ने पर शहरी क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए भी मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाएंगी। लायंस क्लब के आंख अस्पताल  में इलाज किया जाएगा। ये अस्पताल सभी खर्चों को वहन करेंगे। संस्थाएं मरीजों के एक रात तक रुकने, और जरूरत पड़ने पर यातायात की भी मदद करेंगी।  आंख से जुड़ी अन्य बीमारियों का भी इलाज बेहद उचित दरों पर किया जा सकता है।  


लायंस क्लब के वरिष्ठ सदस्य उमेश कुमार इस अभियान के मुख्य संरक्षक होंगे। वह पूरी अभियान की निगरानी करेंगे। कोई भी ग्रामीण 9899046565 नंबर पर संपर्क कर अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं। इस अभियान से जरूरतमंद लोगों की आंखों का इलाज हो सकेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आंखों के प्रति बेहद उदासीनता है। लोग समय से मोतियाबिंद का ऑपरेशन नहीं करवाते हैं। जिससे उनकी आंखे पूर्ण रूप से खराब हो जाती हैं। 

लोग सालों तक दर्द और समस्या झेलते हैं। ऐसे में दोनों संस्थाओं का यह प्रयास रहेगा कि कम से कम हमारे शहर में कोई भी पैसे की  कमी के कारण इलाज के बिना न रह पाए।  यह अभियान पूरे साल चलेगा। सुविधा लेने के लिए मरीज़ों को पहले पंजीकरण करवाना होगा। इसके बाद ही उन्हें सुविधा मिलेगी।

अन्य खबरें