14 राज्यों में चलेंगे 6200 किलोमीटर, मकर संक्राति से शुरू होगा सफर

भारत जोड़ो के बाद राहुल गांधी की न्याय यात्रा : 14 राज्यों में चलेंगे 6200 किलोमीटर, मकर संक्राति से शुरू होगा सफर

14 राज्यों में चलेंगे 6200 किलोमीटर, मकर संक्राति से शुरू होगा सफर

Tricity Today | Rahul Gandhi

New Delhi News : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (MP Rahul Gandhi) लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha elections 2024) से ठीक पहले भारत न्याय यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। यह यात्रा 14 जनवरी यानी मकर सक्रांति (Makar Sakranti) के दिन मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में संपन्न होगी। इस दौरान राहुल गांधी 6,200 किलोमीटर लंबी यात्रा बस से और पैदल पूरी करेंगे। इसके जरिए 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करेंगे। 

पूर्वोत्तर से शुरू होकर महाराष्ट्र तक यात्रा
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी मुख्यालय आयोजित एक प्रेसवार्ता में बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद नए साल में कांग्रेस पार्टी भारत न्याय यात्रा करने जा रही है। यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात होते हुए महाराष्ट्र में समाप्त होगी।

कांग्रेस की नागपुर में महारैली
कांग्रेस नेताओं के अनुसार भारत न्याय यात्रा का उद्देश्य आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय है। महंगाई, बेरोजगारी सहित देश के अनेक मुद्दों को उठाते हुए इस यात्रा के जरिए भारतवासियों को एकसूत्र में जोड़ने का काम करेंगे। कांग्रेस के पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा 28 दिसंबर को कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी नागपुर में महारैली करेगी। इसका नाम है- 'हैं तैयार हम'। इस महारैली से 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद होगा।

145 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा कर चुके हैं राहुल
इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था।

अब शुरू होने जा रही भारत न्याय यात्रा 
आर्थिक न्याय के लिए, सामाजिक न्याय के लिए और राजनीतिक न्याय के लिए है। इसका उद्देश्य लोकतंत्र को बचाना है, संविधान को बचाना है, और महंगाई और बेरोज़गारी से जो करोड़ों पीड़ित परिवार हैं उनमें उज्ज्वल भविष्य का भरोसा जगाना है। पहले भारत जोड़ो यात्रा भारत को जोड़ने के लिए निकाली गई थी। अब भारत न्याय यात्रा लोगों को कांग्रेस पार्टी की ओर से, राहुल गांधी की ओर से यह आश्वासन देने के लिए है कि आम लोगों को आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय पूर्ण रूप से उपलब्ध हो इसके लिए कांग्रेस पार्टी वचनबद्ध है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.