भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र जारी, जानिए हैट्रिक लगने के बाद क्या होगा आपके लिए खास

लोकसभा चुनाव में मोदी की गारंटी : भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र जारी, जानिए हैट्रिक लगने के बाद क्या होगा आपके लिए खास

भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र जारी, जानिए हैट्रिक लगने के बाद क्या होगा आपके लिए खास

Tricity Today | भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र जारी

New Delhi : लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना घोषणा पत्र यानी 'संकल्प पत्र' जारी किया। इस घोषणा पत्र को भाजपा ने 'मोदी की गारंटी' नाम से संबोधन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और जेपी नड्डा ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में  घोषणापत्र, "संकल्प पत्र" का विमोचन किया।

गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं पर फोकस
भाजपा ने घोषणा पत्र में पीएम मोदी के 'ज्ञान' गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं पर फोकस किया है। भारतीय जनता पार्टी GYAN (गरीब, युवा, अन्नदाता व नारीशक्ति) को लेकर आगे बढ़ रही है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रही है। लोकसभा चुनाव-2024 के संकल्प पत्र के विमोचन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने इन चार वर्गों से एक-एक व्यक्ति को ये संकल्प पत्र सौंपा।

अगले 5 साल नारी शक्ति की नई भागीदारी के होंगे : नरेंद्र मोदी
भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र यानी 'संकल्प पत्र' जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- भाजपा सच्चे अर्थों में सामाजिक विकास और सामाजिक समावेशन सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। हमने वरिष्ठ नागरिकों और ट्रांसजेंडर समुदाय को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाने का फैसला किया है। आज भारत महिला नेतृत्व वाले विकास में दुनिया को दिशा दिखा रहा है। पिछले दस साल महिलाओं की गरिमा और महिलाओं के लिए नए अवसरों को समर्पित रहे हैं। अगले 5 साल नारी शक्ति की नई भागीदारी के होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा-पिछली सरकारों के लिए शहरीकरण एक चुनौती थी। लेकिन भारतीय जनता पार्टी के लिए शहरीकरण एक अवसर है। हम नए उपग्रह शहर बनाएंगे, जो देश के विकास के लिए विकास केंद्र के रूप में उभरेंगे।

घोषणापत्र की अहम बातें
पार्टी का लक्ष्य देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है। भाजपा के घोषणापत्र में भारत को 'वैश्विक विनिर्माण केंद्र' बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 
घोषणापत्र में 'विरासत से विकास' और दुनिया भर में मनाए जाने वाले रामायण उत्सव की बात की गई है, जिसमें अयोध्या में और अधिक विकास का वादा किया गया है।
पार्टी ने कहा कि 2025 'जनजाति वर्ष' होगा। भाजपा के चुनाव घोषणापत्र में एक प्रमुख फोकस 'एक राष्ट्र, एक चुनाव'और 'एकल मतदाता सूची'है। 
भाजपा अधिक लखपति दीदियों को आगे लाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इसमें पीएम सूर्य घर योजना से बिजली बिल शून्य करने का वादा किया गया है। 

भाजपा के संकल्प पत्र के विमोचन के दौरान  प्रधानमंत्री मोदी की बड़ी बातें-
  • पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी का संकल्प पत्र युवा भारत की युवा आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। पिछले दस वर्षों में भारत के लगभग 25 करोड़ लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर निकल आये हैं। यह काम करने के परिणामोन्मुख दृष्टिकोण के प्रति भारतीय जनता पार्टी की मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
  • 70 साल से ऊपर का हर बुजुर्ग, चाहे वो गरीब हो, मध्यम वर्ग का हो या फिर उच्च मध्यम वर्ग से ही क्यों न हो, उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। 70 साल की आयु से ऊपर के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के दायरे में लाया जाएगा।
  • जनऔषधि केंद्रों का विस्तार होगा। पांच लाख का मुफ्त इलाज मिलता रहेगा।  ट्रांसजेंडर साथियों को भी आयुष्मान योजना के दायरे में लाने का निर्णय लिया है।
  • 10 वर्षों में हमने दिव्यांगजनो के लिए अनेक सुविधाएं दी हैं। दिव्यांग साथियों को अब पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी, उनकी विशेष जरूरतों के अनुसार उन्हें आवास मिल सके, इसके लिए विशेष रूप से काम किया जाएगा।
  • इस संकल्प पत्र में अवसरों की मात्रा और अवसरों की गुणवत्ता दोनों पर बहुत जोर दिया गया है। एक तरफ, हमने बुनियादी ढांचे के निर्माण के माध्यम से बड़ी संख्या में रोजगार पैदा करने की बात की है। दूसरी ओर, हम स्टार्टअप और वैश्विक केंद्रों को बढ़ावा देकर उच्च मूल्य वाली सेवाओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
  • पिछले 10 वर्षों में नारी गरिमा, नारी को नये अवसरों को समर्पित किया जा रहा है। आने वाले 5 साल नारीशक्ति की नई भागीदारी होगी। 3 करोड़ बहनों को लखपति बीवी बनाने की गांरटी ली है।
  • देश में जनजाति समाज के योगदान को मान्यता देते हुए हमने जनजाति गौरव दिवस मनाने का संकल्प लिया है। डिजिटल जनजाति कला अकादमी की स्थापना की जाएगी।
  • भाजपा सरकार ने गरीबों को 4 करोड़ पक्के घर बनाकर दिए हैं। अब जो अतिरिक्त जानकारियां राज्य सरकारों से मिल रही हैं, उन परिवारों की भी चिंता करते हुए हम 3 करोड़ घर और बनाने का संकल्प लेते हुए आगे बढ़ेंगे। 
  • अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का काम जोरों पर चल रहा है। आने वाले वक्त में उत्तर, दक्षिण और पूर्वी भारत यानी चारों दिशाओं में एक-एक बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी।
  • अभी तक हमने सस्ते सिलेंडर घर-घर पहुंचाए हैं, अब हम पाइप से सस्ती रसोई गैस घर-घर पहुंचाने के लिए तेजी से काम करेंगे।
  • हम दलहन और तिलहन में आत्मर्निभर के लिए किसानों की मदद करेंगे। धरती की मां की रक्षा के लिए प्राकृतिक खेती पर बल दिया जाएगा।
  • नैनो यूरिया के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल पर जोर दिया जाएगा। भाजपा का संकल्प भारत को फूड प्रोसेसिंग हब बनाने का है।
  • आने वाले पांच साल में फ्री राशन की योजना जारी रहेगी।
  • सरकार की ज्यादा से ज्यादा योजनाओं को ऑनलाइन बना रहे हैं।
  • देश के कोने-कोने में वंदे भारत का विस्तार होगा।
  • दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल भाषा की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए बीजेपी हर कोशिश करेगी।
  • भाजपा देशहित में बड़े और कड़े निर्णय लेने से कभी पीछे नहीं हटती। हमारे लिए दल से बड़ा देश है। नारीशक्ति वंदन अधिनियम अब कानून बन चुका है। BJP ने आर्टिकल 370 हटाया और हम CAA लेकर आए। Reform-Perform-Transform के मंत्र पर चलते हुए हम और तेजी से आगे बढ़ेंगे।
 
भाजपा के घोषणापत्र को विश्व राजनीति में स्वर्ण मानक के रूप में देखा जाता है: राजनाथ
पार्टी के 'संकल्प पत्र' के विमोचन के अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा के घोषणापत्र को विश्व राजनीति में स्वर्ण मानक के रूप में देखा जाता है।  उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करके लोगों के बीच विश्वसनीयता अर्जित की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी 24 कैरेट सोने की तरह शुद्ध दिखती है। उन्होंने महिला आरक्षण कानून लागू करने, अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और राम मंदिर के निर्माण के अलावा केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कई विकास उपायों का हवाला देते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल ने अपने वादे पूरे किए हैं। राजनाथ सिंह लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि समिति को 15 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से मुख्‍य मुद्दों को चुना गया। हमने 2014 से हर संकल्प पूरा किया है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जो हम कहते हैं वो हम करते हैं। 

हमारी सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समर्पित  : जेपी नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र एनडीए सरकार की उपलब्धियों का एक व्यापक अवलोकन प्रदान करता है और 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण का दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। 2014 में, जब प्रधानमंत्री मोदी जी संसदीय दल के नेता चुने गए थे, तब उन्होंने कहा था, 'हमारी सरकार गरीब, गांव, और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को समर्पित है'। उसी को कार्यरूप देते हुए पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नोदी जी के नेतृत्व में देश ने इन सारे आयामों को आगे बढ़ाने का काम किया है। जेपी नड्डा ने कहा- हमारा घोषणापत्र दर्शाता है कि भाजपा के संस्थापकों ने देश के लिए क्या कल्पना की थी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.