दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन बंद, यात्रियों के लिए यह सुविधा बरकरार

Farmers Protest : दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन बंद, यात्रियों के लिए यह सुविधा बरकरार

दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन बंद, यात्रियों के लिए यह सुविधा बरकरार

Google Image | दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशन बंद कर दिए गए हैं

भारतीय किसान यूनियन ने 6 फरवरी यानी आज दिल्ली-एनसीआर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम का ऐलान किया था। फिर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में चक्का जाम की घोषणा को वापस ले लिया था। ऐसे में हालात पूरी तरह सामान्य हैं, लेकिन पुलिस ने एहतियाती कदम उठाए हैं। दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। दरअसल, हरियाणा और पंजाब से किसानों ने चक्का जाम के ऐलान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। नोएडा में भी भारी फोर्स तैनात किया गया है। हालांकि, ट्रैफिक पूरी तरह सामान्य रूप से चल रहा है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए हैं, लेकिन इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।

सुरक्षा-व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया गया है। हालांकि इंटरचेंज वाले स्टेशनों पर मुसाफिर मेट्रो बदल सकेंगे। सिर्फ बाहरी लोग ही इन स्टेशनों पर अंदर नहीं जा पाएंगे। दिल्ली मेट्रो के खान मार्केट, नेहरू प्लेस, विश्वविद्यालय, लाल किला, जामा मस्जिद, जनपथ और केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ और दिल्ली गेट स्टेशन पूरी तरह बंद हैं। किसानों ने आज चक्का जाम के ऐलान के बाद नोएडा और दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर हैं। 

दिल्ली पुलिस व नोएडा पुलिस ने नोएडा-दिल्ली डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर समेत अन्य बॉर्डरों पर बेरिकेडिंग की हैं। चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। किसानों के चक्का जाम के ऐलान के बाद नोएडा पुलिस और दिल्ली पुलिस के जवान नोएडा-दिल्ली के सभी बोर्डरों पर तैनात हैं। नोएडा से दिल्ली जा रहे वाहनों पर पुलिस नजर बनाए है। किसी भी कीमत पर आंदोलनकारी दिल्ली में एंट्री ना कर सकें। साथ ही साथ नोएडा पुलिस बेरिकेडिंग लगाकर जगह-जगह चेकिंग कर रही है। 

ड्रोन कैमरे से निगरानी कर रही है। दूसरी ओर किसानों का कहना है, "हम यूपी और एनसीआर क्षेत्र में चक्का जाम नहीं करेंगे। छोटे संगठनों का जाम करने का ऐलान है। राजनीतिक पार्टियों के लोग भी किसानों को समर्थन कर रहे हैं।" इसी कारण नोएडा पुलिस ने 6 बोर्डरों को चिन्हित किया है। वहां पर पुलिस बल तैनात कर चेकिंग की जा रही है। 

सभी को सख्ती नियमों का पालन करने का आदेश दिया गया है। दरअसल किसानों के चक्का जाम को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। ज्यादातर किसान संगठनों ने कहा है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं किया जाएगा। पर हरियाणा और पंजाब की तरफ से आने वाले किसान और संगठनों ने अब तक कुछ स्पष्ट नहीं किया है। इस वजह से एहतियातन इन सभी मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। यात्री मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और दूसरे इंटरचेंज स्टेशनों पर मेट्रो बदल सकेंगे। 

भले ही किसान संगठनों ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में चक्का जाम का असर नहीं रहेगा। फिर भी सुरक्षा कारणों से पुलिस-प्रशासन और खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं। दिल्ली-नोएडा की सीमा पर भारी सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। दोनों राज्यों की पुलिस अत्याधुनिक तकनीकों के साथ-साथ अतिरिक्त सुरक्षाबलों की भारी तैनाती के साथ मुस्तैद हैं। सीसीटीवी कैमरा और ड्रोन से सड़कों और व्यस्ततम इलाकों में नजर रखी जा रही है। प्रशासन और सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है। केंद्र सरकार भी स्थिति का जायजा ले रही है। हालांकि किसान संगठनों ने कहा है कि चक्का जाम पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.