फरीदाबाद से लंदन जाएगा विकलांग डॉगी लकी, डॉ.पामेला ने लिया गोद

खास खबर : फरीदाबाद से लंदन जाएगा विकलांग डॉगी लकी, डॉ.पामेला ने लिया गोद

फरीदाबाद से लंदन जाएगा विकलांग डॉगी लकी, डॉ.पामेला ने लिया गोद

Tricity Today | विकलांग डॉगी

Faridabad News : दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद शहर से खास खबर है। विकलांग और स्ट्रेडोग लकी हवाई जहाज से लंदन रवाना होगा। उसे लंदन की निवासी डॉ.पामेला ने गोद लिया है। पीपल फॉर एनिमल ट्रस्ट की ओर से रविवार को जानकारी दी गई है कि फरीदाबाद का तीसरा सामुदायिक विकलांग कुत्ता इंग्लैंड में अपनाया गया है। इससे पहले यह संगठन दो डॉग लंदन में गोद दे चुका है।

पीपल फॉर एनिमल की पहल पर लंदन की डॉक्टर ने गोद लिया लकी
पीपल फॉर एनिमल ट्रस्ट की ओर से रविवार को जारी प्रेस बयान में कहा गया है, "फरीदाबाद का लकी हमारे बचाए गए कुत्ते में से एक है। वह बहुत जल्दी लंदन के लिए उड़ान भर रहा है। करीब 10 महीने पहले एक ट्रेन दुर्घटना में लकी ने अपने सामने के पैर खो दिए थे। हमारे पशु अस्पताल में छह महीने के इलाज के बाद लकी अपने आप चलने और दौड़ने में सक्षम हो गया है। अब लकी को लंदन की डॉ.पामेला ने हमेशा के लिए अपने घर के लिए गोद लिया है। लकी हमारा तीसरा कुत्ता है, जिसे इंग्लैंड में गोद लिया गया है। इससे पहले रॉकी और मोहिनी को इंग्लैंड में गोद लिया गया था।"

करीब 10 महीने पहले हादसे का शिकार हुआ था लकी
फरीदाबाद में सड़कों पर रहने वाला लकी करीब 10 महीने पहले ट्रेन हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गया था। उसके आगे वाले दोनों पांव कट गए हैं। पशुओं के लिए काम करने वाली संस्था पीपल फॉर एनिमल ट्रस्ट ने लकी को घटनास्थल से उठाया और अपने अस्पताल में भर्ती करवाया था। करीब 6 महीने तक उसका इलाज किया गया है। वह पूरी तरह ठीक हो गया है। अब केवल अपने पिछले दो पांवों पर चलता है। वह दौड़ भी लगाता है। पीपल फॉर एनिमल ट्रस्ट ने लकी के बारे में देश-विदेश के अपने प्रशंसकों को जानकारी दी थी। उन्हीं में से एक डॉक्टर पामेला ने लकी को गोद ले लिया है। डॉक्टर पामेला लंदन की रहने वाली हैं।

लकी को जल्दी हवाई जहाज से लंदन भेजा जाएगा
पीपल फॉर एनिमल ट्रस्ट के वॉलिंटियर्स रवि दुबे और अनिल चौहान ने बताया कि जल्दी ही लकी को हवाई जहाज के जरिए लंदन भेजा जाएगा। इसके लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। इससे पहले भी पीपल फॉर एनिमल ट्रस्ट फरीदाबाद से दो सामुदायिक कुत्तों को लंदन में गोद दे चुका है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.