डॉ.हर्षवर्धन ने राजनीति को किया बाय, लिखा- मेरा क्लीनिक कर रहा है इंतजार...

Loksabha Election 2024 : डॉ.हर्षवर्धन ने राजनीति को किया बाय, लिखा- मेरा क्लीनिक कर रहा है इंतजार...

डॉ.हर्षवर्धन ने राजनीति को किया बाय, लिखा- मेरा क्लीनिक कर रहा है इंतजार...

Tricity Today | डॉ. हर्षवर्धन सिंह

New Delhi : भारतीय जनता पार्टी ने अपने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) समेत कुल 195 लोगों के नाम शामिल हैं। जिसमें दिल्ली की पांच सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। लेकिन इस बार दिल्ली में चार नए चेहरों को मौका दिया गया है। दिग्गज नेता नेता डॉ. हर्षवर्धन सिंह (Dr.Harsh Vardhan) का टिकट कट गया है। इस बीच उन्होंने रविवार को राजनीति से अलविदा कह दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा भावुक पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी। 

अपने पोस्ट में हर्षवर्धन ने क्या लिखा?
भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने अपने पोस्ट में लिखा है 'अपने 30 साल के शानदार चुनावी करियर के बाद, जिसमें मैंने 5 विधानसभा और दो लोकसभा का चुनाव लड़ा है और केंद्र और राज्य सरकार सहित संगठन में अहम पद संभाले हैं, मैं अब अपने जड़ों की ओर लौटने की अनुमति चाहता हूं।' इस पोस्ट में उन्होंने आरएसएस से राजनीति में आने और मंत्री बनने तक के अनुभव भी साझा किए है। हर्षवर्धन ने अंत में लिखा- 'कृष्णा नगर में मेरा ENT क्लिनिक मेरी वापसी का इंतजार कर रहा है।'

केंद्र सरकार में मंत्री रहे हैं हर्षवर्धन
हर्षवर्धन का जन्म दिल्ली में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई दरियागंज के एक स्कूल से हुई है। बाद में उन्होंने डॉक्टरी की पढ़ाई की। हर्षवर्धन पहली बार 1993 में कृष्णानगर से विधायक बनकर दिल्ली विधानसभा पहुंचे थे। पांच बार के विधायक और दो बार के सांसद रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार में कई मंत्रालयों का प्रभार संभाला है। 2013 में उन्हें पार्टी ने दिल्ली में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया था, लेकिन तब बहुमत न होने के कारण भाजपा की सरकार नहीं बन पाई थी। वह वर्तमान में चांदनी चौक लोकसभा सीट से सांसद हैं। लेकिन भाजपा ने इस बार 2024 के चुनाव के लिए उनकी जगह प्रवीण खंडेलवाल को चांदनी चौक से टिकट दिया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.