करनाल में किसानों ने जमकर मचाया उत्पात, मुख्यमंत्री का दौरा रद्द, ढाई घंटे तक चला बवाल, Video

Farmers Protest : करनाल में किसानों ने जमकर मचाया उत्पात, मुख्यमंत्री का दौरा रद्द, ढाई घंटे तक चला बवाल, Video

करनाल में किसानों ने जमकर मचाया उत्पात, मुख्यमंत्री का दौरा रद्द, ढाई घंटे तक चला बवाल, Video

Google Image | करनाल में किसानों ने जमकर मचाया उत्पात

हरियाणा में किसानों ने रविवा को होने वाली किसान महापंचायत में जमकर बवाल काटा। केंद्र सरकार के तीन नए कृषि सुधार कानूनों से गुस्साए किसान सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए खेतों के रास्ते कैमला पहुंच गए और कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ की। किसानों ने खूब उत्पात मचाया। इस दौरान पुलिस भी किसानों का हुजूम नहीं रोक पाई। यहां तक कि कार्यक्रम स्थल पर मौजूद भाजपा के नेता और कार्यकर्ता भी भीड़ को देखकर तितर-बितर हो गया। दरअसल रविवार को करनाल जिले के कैमला गांव में किसान महापंचायत आयोजित होनी थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर इस किसान महापंचायत में किसानों से सीधे संवाद करने वाले थे। वह कृषि कानूनों के संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करना चाहते थे। 



किसानों के हिंसक विरोध के चलते महापंचायत को रद्द कर दिया गया। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को कैमला में नहीं उतारा गया। किसान महापंचायत की तैयारियां पिछले कई दिनों से की जा रही थी। हालांकि किसानों के कई संगठन तैयारियों के दौरान भी महापंचायत का विरोध करने की बात करते रहे। इस सिलसिले में शनिवार को प्रशासन, पुलिस और किसान नेताओं की एक बैठक हुई थी। बैठक में अफसरों ने किसान नेताओं से कहा था कि वह शांतिपूर्वक धरना दे सकते हैं, पर उन्हें गांव में प्रस्तावित किसान महापंचायत में उत्पात मचाने की छूट नहीं दी जाएगी। अगर ऐसी कोई घटना होती है, प्रशासन सख्ती से निपटेगा। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद रविवार को किसानों का जत्था हजारों की संख्या में खेतों से होते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गया और वहां जमकर उत्पात मचाया। 

कैमला में महापंचायत की जगह को पुलिस ने अभेद्य बनाने की कोशिश की थी। इसके लिए सात जगह पर नाकेबंदी की गई थी। हर नाके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी। पर घरौंडा के आउटर इलाके से हजारों की संख्या में किसानों का जत्था कैमला की तरफ बढ़ा। किसानों ने पहला नाका तोड़कर इसे पार कर लिया, पर दूसरे नाके पर फोर्स और किसानों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान किसानों ने खूब बवाल किया। करीब ढाई घंटे तक किसानों और पुलिस के बीच झड़प होती रही। किसानों का जत्था आगे बढ़ने की जिद पर अड़ा था, जबकि पुलिस फोर्स किसानों को रोकने की कोशिश कर रही थी। किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस फोर्स ने आंसू गैस के गोले छोड़े। इससे किसान खेतों की ओर भागने लगे। 

पुलिस फोर्स उनका पीछा कर उन्हें पीछे धकेलती रही। स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस को कई मौकों पर लाठीचार्ज करना पड़ा। हालांकि किसानों का एक काफिला कैमला में होने वाले कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गया। प्रशासन के तमाम सुरक्षा दावे धरे के धरे रह गए। कार्यक्रम स्थल पर किसानों ने खूब उत्पात मचाया। हंगामा किया और तोड़फोड़ की। किसानों के आक्रोश को देखते हुए आयोजक भी मौके से गायब हो गए। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात टीम ने स्थिति की समीक्षा करने के बाद सीएम के कार्यक्रम को रद्द करने का सुझाव दिया। इसके बाद सीएम का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। उनके हेलिकॉप्टर को कैमला गांव में नहीं उतारा गया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.