पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को दबोचा, स्क्रैप व्यापारी से मांगी थी 50 लाख की रंगदारी

Delhi News : पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को दबोचा, स्क्रैप व्यापारी से मांगी थी 50 लाख की रंगदारी

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को दबोचा, स्क्रैप व्यापारी से मांगी थी 50 लाख की रंगदारी

Google Image | Symbolic Image

Delhi News : दिल्ली के वेलकम इलाके में एक स्क्रैप व्यापारी के मकान के बाहर गोलीबारी करने और 50 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक नाबालिग सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़े गए बदमाशों को हाशिम बाबा गैंग के करीबी बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

व्यापारी के घर के बाहर चलाई थी गोली
दिल्ली के वेलकम इलाके में व्यापारी अबरार अहमद अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया है कि वह स्क्रैप कारोबारी हैं। कुछ दिनों पहले रात के समय उनके घर के बाहर गोलियां चलाई गई थीं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से तीन खोखे मिले थे। स्क्रैप व्यापारी अबरार ने पुलिस को बताया था कि उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी। जिसमें उनसे 50 लाख रुपए की मांग की गई थी। फोन करने वाले ने खुद को हाशिम बाबा गिरोह की ओर से फोन करने वाला बताया था। इस मामले में पुलिस तभी से जांच करने में जुटी थी। सोमवार को पुलिस टीम ने एक नाबालिग सहित दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने सरेंडर करने की बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। जवाबी कारवाई में पुलिस ने भी फायरिंग कर दोनों को दबोच लिया।

पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस टीम तभी से बदमाशों की तलाश करने में जुटी थी। सोमवार को तीसरा पुश्ता, मेट्रो यार्ड के पास यमुना खादर में इन्हें ट्रैप किया गया। जिसके बाद इंस्पेक्टर स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में उत्तर पूर्वी जिला की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी। तभी पुलिस टीम ने स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने अपनी स्कूटी छोड़ दी और अंधेरे में भागने का प्रयास करने लगे। फरार हो रहे बदमाशों में से एक बदमाश अक्की ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में अक्की पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो पिस्टल बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान एक नाबालिग सहित हर्ष विहार, दिल्ली निवासी अक्की के रूप में हुई है। अक्की हाशिम बाबा गैंग का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस टीम ने घायल बदमाश अक्की को अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.