यह मोहब्बत की नहीं चुनौती की यात्रा है!

बाइक से Pangong Lake Ladakh पहुंचे राहुल गांधी : यह मोहब्बत की नहीं चुनौती की यात्रा है!

यह मोहब्बत की नहीं चुनौती की यात्रा है!

Tricity Today | बाइक से Pangong Lake Ladakh पहुंचे राहुल गांधी

New Delhi : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी इन दिनों लद्दाख के दौरे पर हैं। शनिवार को वे राइडर के लुक में नजर आए और लद्दाख से पैंगोंग त्सो लेक तक का सफर बाइक से तय किया। बता दें पूर्व प्रधानमंत्री और राहुल के पिता राजीव गांधी की 20 अगस्त को 79वीं जन्मतिथि है। राहुल के अनुसार पैंगोंग लेक उनके पिता की पंसदीदा जगहों में से एक थी। सोशल मीडिया पर अपने फोटो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा-'पैंगोंग त्सो जाने के रास्ते में। मेरे पिता कहते थे, ये दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहों में शामिल है।' कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राहुल वहीं अपने पिता की जयंति भी मनाएंगे और रात टूरिस्ट कैंप में गुजारेंगे।

पैंगोंग लेक, चुनौती से कम नहीं 
बता दें, पैंगोंग लेक चीन के बार्डर पर है। लेह जिला प्रशासन और आर्मी दोनों की परमीशन लेकर जाना पड़ता है। पूर्णत: मानव रहित क्षेत्र है। लेक का बड़ा हिस्सा चीन में आता है। चीनी सैनिकों की पोस्ट बिल्कुल नजदीक में होती हैं। हमारे किसी भी मूवमेंट को चीनी बिल्कुल पसंद नहीं करते हैं। देखा जाए तो राहुल गांधी की एक तरह से चीन को सीधे चुनौती है। क्योंकि अकसर चीन इस पर अपना अधिकार भी बता रहा है। बता दें कि 2020 में गलवान घाटी में चीन और हमारे सैनिकों के बीच एक हिंसक झड़प भी हुई थी। जिसमें हमारे 20 सैनिक भी शहीद हो गए थे।

युवाओं से संवाद, स्थानीय लोगों से मिले
राहुल गांधी अपने लद्दाख दौरे के पहले दिन शुक्रवार को लेह में करीब 500 युवाओं के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। कांग्रेस की स्थानीय इकाई ने बताया कि उन्होंने युवाओं के साथ 40 मिनट बिताए। राहुल ने इस दौरान लेह में फुटबॉल मैच भी देखा और कारगिल मेमोरियल भी गए थे।

हिल काउंसिल के चुनाव से पहले राहुल का दौरा
राहुल गांधी 17 अगस्त को दो दिन के दौरे पर लद्दाख गए थे। वे सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना हुए और दोपहर करीब 1 बजे यहां पहुंचे। लद्दाख में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल का स्वागत किया। 18 अगस्त को उनका दौरा 25 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया। लद्दाख और कारगिल के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद राहुल पहली बार यहां पहुंचे हैं। कारगिल में अगले महीने हिल काउंसिल के चुनाव होने वाले हैं। राहुल का दौरा इस वजह से भी महत्वपूर्ण है। कारगिल हिल काउंसिल के चुनाव के लिए कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन किया है। काउंसिल का चुनाव 10 सितंबर को प्रस्तावित है। 

2019 के बाद पहली बार पहुंचे लद्दाख
जम्मू कश्मीर से धारा 370 खत्म किए जाने के बाद राहुल गांधी पहली बार लद्दाख गए हैं। अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान वह जम्मू और श्रीनगर गए थे। इस साल की शुरुआत में वह निजी दौरे पर गुलमर्ग गए, लेकिन फिर भी लद्दाख नहीं जा पाए थे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.