गाजियाबाद में लगेगा मेला, चुटकियों में हो जाएगा कठिन कैलकुलेशन

गणित विषय से डरने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर : गाजियाबाद में लगेगा मेला, चुटकियों में हो जाएगा कठिन कैलकुलेशन

गाजियाबाद में लगेगा मेला, चुटकियों में हो जाएगा कठिन कैलकुलेशन

Google Image | symbolic Image

Ghaziabad News : गाजियाबाद में अखिल भारतीय गणित मेले का आयोजन किया जाएगा। देशभर के गणित के विद्यार्थी इसमें शामिल होंगे। देश के सभी राज्यों का प्रतिनिधित्व इस आयोजन में दिखाई देगा। गणित विषय में महारत रखने वाले देशभर के करीब 300 छात्र इसमें हिस्सा लेंगे। तीन दिवसीय मेले का आयोजन करने का उद्देश्य गणित के प्रति लोगों की रुचि को बढ़ाना है।

क्या है पूरा मामला
गणित विषय के कई सवाल आपको बड़े अटपटे लगते होंगे और गणित विषय सामने आते ही कई छात्रों का दिमाग घूम जाता है। गणित जितना कठिन है, उतना रोचक और सरल भी है। गणित की सरलता को समझने के लिए आप गणित के विद्यार्थियों से मिल सकते हैं, जो बड़ी से बड़ी कैलकुलेशन कुछ सेकेंडों में बहुत सरलता के साथ कर देते हैं। कैलकुलेटर जहां गणना करने में असमर्थ हो जाता है। उस गणना को ये चुटकी बजाते हल कर देते हैं। इसी रोचक अनुभव को साझा करने के लिए गणित के महारथी गाजियाबाद में रहेंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम 7 से 10 दिसंबर तक चलेगा। इसमें देशभर के 300 गणितज्ञ का जमावड़ा रहेगा। गणित मेले का उद्देश्य लोगों की व्यावहारिकता में गणित को बढ़ाना है। 

कई राज्यों से आएंगे गणितज्ञ
अक्सर आपने देखा होगा कि रेहड़ी पटरी चलाने वाले लोग ज्यादा पढ़े लिखे नहीं होते हैं। इसके बावजूद वे खरीदे और बेचे गए सामान का हिसाब बिना कैलकुलेटर के सेकेंडों में कर देते हैं। मगर, यूनिवर्सिटी, कॉलेज और कान्वेंट स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र इस तरह के लेनदेन करने में कैलकुलेटर का प्रयोग करते हैं, क्योंकि गणित उनके व्यवहार में नहीं होता है। किताबी पढ़ाई से इतर गणित को व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से भी इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। गणित मेला गाजियाबाद में पहली बार लगाया जा रहा है। अखिल भारतीय गणित मेले में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, केरल, गुजरात, मणिपुर, बिहार, उड़ीसा के छात्र शामिल होंगे। इस दौरान गणित से संबंधित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

300 छात्रों का चयन
गणित में छात्रों की दक्षता बढ़ाने और इसे लोगों के लिए रुचिकर बनाने के उद्देश्य से गणित मेले का आयोजन किया जा रहा है। विद्या भारती द्वारा देशभर में संचालित स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्रामीण आवास विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों का चयन ग्रामीण स्तर से किया गया। उसके बाद जिला स्तर पर और फिर क्षेत्र और प्रदेश स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। उसके बाद इन 300 छात्रों का चयन किया गया। अब ये 300 छात्र गणित मेले में हिस्सा लेकर गणित की जटिल गुत्थियों को सुलझाएंगे। गणित मेले का उद्देश्य लोगों की व्यावहारिकता में गणित को बढ़ाना है। इस मेले का आयोजन राजेंद्र नगर सेक्टर-3, साहिबाबाद स्थित स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में किया जाएगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.