गाजियाबाद सीट पर फंसा पेंच, जानिए किसको मिल सकता है भाजपा से मौका!

Lok Sabha Election 2024 : गाजियाबाद सीट पर फंसा पेंच, जानिए किसको मिल सकता है भाजपा से मौका!

गाजियाबाद सीट पर फंसा पेंच, जानिए किसको मिल सकता है भाजपा से मौका!

Google Photo | Symbolic

Ghaziabad News : भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने 195 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। कुछ सांसदों को टिकट काटे गए हैं। जबकि भाजपा द्वारा जारी की गई सूची में कुछ चौंकाने वाले नाम सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा के दो प्रमुख गढ़ माने जाते है, जिनमें लखनऊ और गाजियाबाद का नाम शामिल है। माना जाता है कि इस दोनों सीटो पर पार्टी का सिंबल ही चुनाव जीतने के लिए काफी है। पार्टी की तरफ से लखनऊ सीट पर केंद्रीय रक्षा मंत्री को टिकट दिया गया है, जबकि गाजियाबाद सीट पर प्रत्याशी के लिए मंथन जारी है। भाजपा की तरफ से उत्तर प्रदेश की 51 लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है।

यह है पूरा मामला 
गाजियाबाद को भगवागढ़ कहा जाता है। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद बनी गाजियाबाद लोकसभा सीट पर अब तक भाजपा का कब्जा रहा है। परिसीमन के बाद पहली बार राजनाथ सिंह 2008 में चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। जिसके बाद 2014 और 2018 में पार्टी ने वीके सिंह को यहां से लोकसभा का टिकट दिया और वे दोनों बार चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी के नजरिए से गाजियाबाद लोकसभा सीट अजय मानी जाती है। गाजियाबाद लोकसभा सीट से लगातार दो बार विजय पताका फहरा चुके वीके सिंह के टिकट की घोषणा भाजपा ने अपनी पहली सूची में नहीं की है। इसी के साथ राजनीतिक गलियारों में उनके टिकट को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो चुकी हैं। राजनीतिक पंडितों का कयास है कि गाजियाबाद को इस बार कोई स्थानीय चेहरा मिल सकता है।

भगवानगढ़ में हलचल तेज
गाजियाबाद लोकसभा सीट इंडी गठबंधन की तरफ से कांग्रेस के खाते में गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा इस सीट पर गठबंधन प्रत्याशी को देखते हुए रणनीति बना सकती है। जबकि संभावनाएं यह भी हैं कि भारतीय जनता पार्टी इस सीट से किसी स्थानीय चेहरे को उतार सकती है। जबकि सांसद और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह को किसी दूसरी सीट से भी मौका दिया जा सकता है। गाजियाबाद लोकसभा सीट परिसीमन से पहले हापुड़ लोकसभा सीट के नाम से जानी जाती थी। इस सीट पर अब तक भारतीय जनता पार्टी का कब्जा रहा है। केवल एक बार इस सीट से कांग्रेस के सुरेंद्र प्रकाश गोयल जीत दर्ज करने में कामयाब रहे हैं। 1991 से 1999 तक भाजपा के डॉ. रमेश चंद तोमर यहां से लगातार चार बार सांसद रहे हैं। जबकि 2004 में कांग्रेस के सुरेंद्र प्रकाश गोयल ने जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2008 में क्षेत्र का परिसीमन करते हुए इसे गाजियाबाद लोकसभा सीट बना दिया गया। इसके बाद 2008 में भाजपा के प्रत्याशी राजनाथ सिंह यहां से जीत दर्ज कर लोकसभा पहुंचे। 2014 और 2018 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के वीके सिंह ने गाजियाबाद से मोदी लहर में प्रचंड जीत दर्ज की थी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.