दुकान के किराए को लेकर भाजपा नेता की पिटाई, महिलाएं समेत 50 पर एफआईआर, चौकी इंचार्ज सस्पेंड

गाजियाबाद : दुकान के किराए को लेकर भाजपा नेता की पिटाई, महिलाएं समेत 50 पर एफआईआर, चौकी इंचार्ज सस्पेंड

दुकान के किराए को लेकर भाजपा नेता की पिटाई, महिलाएं समेत 50 पर एफआईआर, चौकी इंचार्ज सस्पेंड

Tricity Today | मारपीट

Ghaziabad News : साहिबाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन में रविवार शाम दुकान के विवाद में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रिजवान से हुई मारपीट में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। आरोपी पुलिसकर्मियों के सामने ही उन्हें पीटते रहे और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। लापरवाही सामने आने पर पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन ने चौकी प्रभारी शालीमार गार्डन योगेश कुमार और मुख्य आरक्षी शाहिद खान को सस्पेंड कर दिया है। 

भारत माता चौक के पास हुआ विवाद
दरअसल, रविवार शाम को पुलिस को शालीमार गार्डन के भारत माता चौक पर दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली। सूचना पाकर सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद भास्कर वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के रिजवान अहमद घायल हालत में थे। उनका कुर्ता फटा हुआ था। शरीर पर चोट के निशान थे।

2019 से चल रहा विवाद
रिजवान अहमद और अब्दुल साबिर के बीच दुकान के स्वामित्व और किराए को लेकर विवाद चल रहा है। यह विवाद वर्ष 2019 से चल रहा है। रविवार शाम को रिजवान दुकान के पास से निकल रहे थे। दुकान पर लगा कैमरा तिरछा देखकर वह कार से उतरकर वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि दूसरे पक्ष से अब्दुल साबिर समेत करीब एक दर्जन महिला और पुरुष के साथ वहां पहुंचे। इस दौरान मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद घायल रिजवान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। रिजवान की ओर से साहिबाबाद थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

इन लोगों पर मुकदमा दर्ज
वहीं दूसरे पक्ष का कहना था कि रिजवान ने उनके पक्ष की ओर से आई महिलाओं से पहले बदसलूकी की थी। भाजपा नेता से मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ। भाजपा नेता रिजवान की शिकायत पर पुलिस ने अब्दुल साबिर, आदिल, अब्दुल कादिर, आकिल, अब्दुल साबिर की पत्नी, अब्दुल कादिर की पत्नी, आदिल की पत्नी और 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, बलवा की धारा लगाई गई है। दुकान के स्वामित्व और किराये को लेकर दोनों पक्षों में पुराना विवाद है।

पुलिस का आधिकारिक बयान
साहिबाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि घायल रिजवान की शिकायत पर अब्दुल साबिर समेत कई अन्य के खिलाफ मारपीट बलवा की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। साबिर, कादिर, आदिल और आकिल को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश के लिए टीम लगी है। लापरवाही में चौकी प्रभारी और एक मुख्य आरक्षी को सस्पेंड किया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.