कार ने बुजुर्ग दंपति को मारी टक्कर, फिर महिला को 100 मीटर तक घसीटा

गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना : कार ने बुजुर्ग दंपति को मारी टक्कर, फिर महिला को 100 मीटर तक घसीटा

कार ने बुजुर्ग दंपति को मारी टक्कर, फिर महिला को 100 मीटर तक घसीटा

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

Ghaziabad News : गाजियाबाद में लिंक रोड थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ डी ब्लॉक में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर खड़े बुजुर्ग दंपत्ति को टक्कर मार दी। घटना के दौरान आरोपी चालक ने बुजुर्ग महिला को कार से करीब 100 मीटर तक घसीटा। इस बीच स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर आरोपी चालक को कार समेत पकड़ लिया। वहीं घटना में घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। 

बलेनो और सेल्टोस कार को किया क्षतिग्रस्त 
पुलिस को दी शिकायत में हितेश जोशी ने बताया कि रविवार रात करीब सवा नौ बजे उनके पिता गिरीश चंद्र जोशी और मां गीता जोशी उमरा रोड पर पैदल जा रहे थे। तभी एक कार ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मां का सिर कार के शीशे से टकराया। उसे कार से काफी दूर तक घसीटा गया। पिता उछलकर 10 फीट आगे गिरे। ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और भागने लगा। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। शोर मचाते हुए पीछे भागा। कार चालक ने सड़क किनारे खड़ी बलेनो और सेल्टोस कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने पुलिस की मदद से दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया। 

पुलिस का बयान 
एसीपी साहिबाबाद रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान विवेक वर्मा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कार बरामद कर ली गई है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.