लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण

गाजियाबाद में बोले सीएम योगी : लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण

लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण

Tricity Today | CM Yogi Adityanath

Ghaziabad News : हम दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में रह रहे हैं, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। समय के साथ मीडिया का बदल रहा है, मीडियाकर्मियों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं और जिम्मेदारी भी, मीडिया को इन सब परिस्थतियों में अपनी विश्वसनीयता बनाए रखनी है। लोगों तक सही तथ्य पहुंचाना और जरूरत पड़ने पर और समाज फैली भ्रांतियों को दूर करना मीडिया की जिम्मेदारी है। संसदीय लोकतंत्र में न्यायपालिका, कार्यपालिका व विधायिका की भी अपनी लक्ष्मण रेखा है, लेकिन चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका को कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता है। यह बातें शुक्रवार को गाजियाबाद में मीडिया चैनल के लांचिंग प्रोग्राम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं।

जनता को जनार्दन मानने वाली सत्ता के निर्णय बनते हैं लोकप्रिय
सीएम योगी ने कहा कि ऐतिहासिक व पौराणिक कालखंड में ऐसे अनेक उदाहरण देखने को मिलते हैं, जब आम जनभावनाओं को सर्वोपरि रखकर उस समय की राजसत्ता ने निर्णय लेने में कोई संकोच नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता को जनार्दन मानकर जब भी शासन सत्ता आगे बढ़ती है तो उसके निर्णय लोकप्रिय, सर्वमान्य व सर्वग्राह्य बनते हैं और जनता का विश्वास सत्ता को अपने निर्णयों पर अडिग रहने की शक्ति प्रदान करता है।

समय के साथ बदलाव भी जरूरी है
सीएम योगी ने कहा कि हमें समय के अनुरूप बदलना और चलना होगा। समाज, युवा, सामान्य गृहस्थ, किसान, आधी आबादी की आवश्यकता क्या है, मीडिया को इस बात का ध्यान रखना होगा। उनकी पसंद के मुताबिक जानकारी उपलब्ध करानी होगी। एक समय था, जब लोग देश विदेश की घटनाओं की जानकारी के लिए रेडियो और समाचार पत्रों पर निर्भर थे। फिर समय आया टीबी चैनलों ने तेज और अधिक जानकारी उपलब्ध कराने का काम किया।

आने वाले समय में डिजिटल मीडिया ज्यादा प्रभावी होगा
अब सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफार्म भी बन गए और हर पल अपडेट करने लगे। हो सकता है आने वाले समय में प्रिंट व विजुअल मीडिया की भूमिक सीमित हो जाए और डिजिटल मीडिया ज्यादा प्रभावी बन जाए। सीएम ने उम्मीद जाहिर की कि नया मीडिया चैनल भी भारत के डीएनए के अनुरूप खबरों को प्रत्येक भारतवासी तक प्रभावी एवं निष्पक्ष ढंग से पहुंचाने में सफल होगा। इस मौके पर प्रदेश सरकार के मंत्री जेपीएस राठौर, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. वीके सिंह समेत अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.