कथारंग लिट्रेरी फेस्ट में जुटेंगे देशभर के  साहित्यकार, से. रा. यात्री को करेंगे याद

गाजियाबाद में लिट्रेरी फेस्ट : कथारंग लिट्रेरी फेस्ट में जुटेंगे देशभर के साहित्यकार, से. रा. यात्री को करेंगे याद

कथारंग लिट्रेरी फेस्ट में जुटेंगे देशभर के  साहित्यकार, से. रा. यात्री को करेंगे याद

Tricity Today | File photo से. रा. यात्री

Ghaziabad News : 'कथा रंग' द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कहानी प्रतियोगिता के पुरस्कृत रचनाकार शनिवार को गाजियाबाद लिट्रेरी फेस्ट में सम्मानित किए जाएंगे। 'कथा रंग' कहानी महोत्सव एवं अलंकरण समारोह" के नाम से आयोजित यह एक दिवसीय कार्यक्रम बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में होगा। संयोजक सुभाष चंदर के अनुसार लिट्रेरी फेस्ट में मुम्बई, बेंगलुरु , रतलाम, लखनऊ, जोधपुर, मिर्जापुर, बीकानेर, बरेली, कानपुर और एनसीआर सहित देश के हर हिस्से से साहित्यकार पहुंच रहे हैं।

साहित्य जगत के बड़े नाम रहेंगे मौजूद
जिनमें ममता कालिया, अब्दुल बिस्मिल्लाह, विभूति नारायण राय, संजय सहाय, डॉ. हरियश राय, आबिद सुरती, गौरीनाथ, महेश दर्पण, प्रियदर्शन, ऋषि कुमार शर्मा, पंकज शर्मा, अखिलेश मिश्रा, डॉ. अलका सिन्हा, डॉ. कायनात काज़ी, वीरेन्द्र आज़म समेत कई दिग्गज लेखक भी शामिल हैं।

सांसद अतुल गर्ग होंगे मुख्य अतिथि
कार्यक्रम के आयोजक आलोक यात्री ने बताया कि कार्यक्रम चार सत्रों में होगा। कार्यक्रम में स्थानीय सांसद बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इसके साथ ही सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जयसवाल दीपशिखा साहित्य उत्कर्ष सम्मान से अलंकृत  होंगे। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक डा. सुभाष जैन होंगे।

से. रा. यात्री को समर्पित होगा फेस्ट
संस्था की संरक्षक डॉ. माला कपूर 'गौहर' ने बताया कि इस बार का लिट्रेरी फेस्ट कथा ऋषि सेकौ. रा. यात्री की स्मृति को समर्पित होगा। जिसमें साहित्यिक संस्था "दीपशिखा" द्वारा साहित्यिक क्षेत्र में जीवन पर्यन्त अतुलनीय योगदान के लिए विविध कला आयामी व्यक्तित्व ललित जायसवाल को "दीपशिखा साहित्य उत्कर्ष सम्मान" प्रदान किया जाएगा।  कथा रंग के अध्यक्ष शिवराज सिंह के अनुसार अलंकरण समारोह में न केवल देश भर के चयनित रचनाकार पुरस्कृत होंगे बल्कि समकालीन कहानी की चुनौतियों पर भी चर्चा होगी। 

कौन थे से. रा. यात्री
1932 में मुजफ्फरनगर के जड़ोदा गांव में जन्में से. रा. यात्री की स‌ाहित्यिक यात्रा 1971 में “दूसरे चेहरे” कथा संग्रह के साथ शुरू हुई थी जो चार दशक तक जारी रही। उन्होंने 18 कथा संग्रह, 33 उपन्यास, दो व्यंग्य संग्रह दिए। साहित्यिक यात्रा से पूर्व उन्होंने गाजियाबाद स्थित एमएमएच डिग्री कॉलेज समेत कई स्थानों पर अध्यापन कार्य किया। 2008 में उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की ओर से महात्मा गांधी पुरस्कार से नवाजे गए से. रा. यात्री 2023 में साहित्य प्रेमियों को अलविदा कह गए। देहावसान से एक दिन पहले ही उन्हें दीपशिखा सम्मान दिए जाने की घोषणा हुई थी।

से. रा. यात्री स्मृति कथा गौरव सम्मान से अलंकृत होंगे रचनाकार
श्री सिंह ने बताया कि बीस से अधिक रचनाकारों को कथा रंग पुरस्कार के अलावा देश के पांच युवा लेखक "से.रा. यात्री स्मृति कथा गौरव सम्मान" से अलंकृत किए जाएंगे। जिनमें प्रगति गुप्ता, मनु लक्ष्मी मिश्रा, डॉ. असलम जमशेदपुरी, रिंकल शर्मा व शकील अहमद सैफ शामिल हैं। इसके अलावा मेधावी छात्रा अनन्या गर्ग को से. रा. यात्री स्मृति मेधा गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। यात्री स्मृति न्यास के न्यासी अनुभव यात्री ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में अपनी बेहतरीन प्रतिभा व कौशल का प्रदर्शन करने के लिए पैरा एथलीट सुवर्णा राज, उदयीमान कवयित्री व अभिनेत्री विदूषी यादव व युवा तलवारबाज दीवा गोयल शामिल हैं। 

वंदना वाजपेयी भी होंगी सम्मानित
संस्था के सहयोगी अशोक गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम चयनित कहानी 'ज्योति' की लेखिका वंदना वाजपेयी को "शिवम कपूर स्मृति प्रेमचंद कथा सम्मान" से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कृत अन्य रचनाकारों में 19 अन्य विजेता भी सम्मिलित हैं। जिनमें समीक्षा तैलंग, आशीष दशोत्तर, दिव्या शर्मा, हंसा दीप, अरुण अर्णव खरे, सुधा गोयल, रेणु हुसैन, तौसीफ बरेलवी, डॉ. शिवजी श्रीवास्तव, डॉ. वीणा चूंडावत, राम नगीना मौर्य, डॉ. रंजना जायसवाल, एजाजुल हक, राष्ट्रवर्धन अरोड़ा व डॉ. बीना शर्मा प्रमुख हैं। सहयोगी प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस अवसर पर आलोक शुक्ला के निर्देशन में "बन्ने की दुल्हनिया" नाटक का मंचन भी किया जाएगा। 
 

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.