शादी का दबाव बना रही महिला को प्रेमी ने डीजल डालकर लगा दी आग, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Ghaziabad : शादी का दबाव बना रही महिला को प्रेमी ने डीजल डालकर लगा दी आग, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

शादी का दबाव बना रही महिला को प्रेमी ने डीजल डालकर लगा दी आग, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

Google Image | आरोपी प्रेमी

Ghaziabad : महामाया कुंज कॉलोनी में 20 जुलाई 2019 को एक महिला की जलाकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को 3 साल बाद लोनी बस डिपो से सोमवार रात को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी धनराज उर्फ मोनू ने बताया कि महिला उस पर शादी का दबाव बना रही थी, इस कारण उसने उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से ही पुलिस इस हत्या के आरोपी की तलाश कर रही थी लेकिन आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। अब आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नौकरी के दौरान हुई थी दोस्ती
एसपी देहात ईरज राजा ने बताया कि 3 साल पहले सीमा नामक एक महिला की जलाकर हत्या कर दी गई थी। महिला महामाया कुंज कॉलोनी में अपने भाई संजय और उसकी एक बेटी के साथ रह रही थी। महिला अपने पति से अलग रह रही थी। दिल्ली के हर्ष विहार एक स्थित कंपनी में महिला नौकरी करती थी। नौकरी के दौरान ही उसकी मुलाकात धनराज से हुई। धनराज और महिला लिवि-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। कुछ समय बाद महिला ने धनराज से शादी करने के लिए कहा। धनराज ने शादी से इंकार कर दिया। इसके बाद महिला लगातार धनराज पर शादी का दबाव बना रही थी। महिला को टीबी की बीमारी भी थी।

रात 2 बजे अकेले पाकर लगा दी महिला में आग
घटना वाले दिन सीमा का भाई और उसकी बेटी किसी रिश्तेदार के घर गए थे। सीमा घर पर अकेली थी। सीमा के घर पर अकेले होने का धनराज ने फायदा उठाया। रात को 2 बजे करीब वह महिला के घर पहुंचा और जब महिला सो रही थी उस दौरान ही उसे जलाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद धनराज वहां से फरार हो गया। आग की लपटों से पड़ोसियों की आंख खुली तो उन्होंने सीमा के भाई और भाई की बेटी को खबर दी, जिसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। सीमा के भाई संजय ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही धनराज का फोन बंद था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

दहेज हत्या नहीं हत्या का है मामला
मामले के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि सीमा और धनराज की शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं को हटाकर 7 जून 2021 को हत्या की धाराएं लगाई। हत्या के कारण का पता करने के लिए ही पुलिस तभी से धनराज की तलाश कर रही थी। धनराज पुलिस से लगातार भाग रहा था और अपने नंबर बदल रहा था। गिरफ्तार आरोपी धनराज ने बताया कि शादी का दबाव बनाने पर सीमा और धनराज में मारपीट भी हुई थी, उसके बाद भी महिला शादी का दबाव बना रही थी। मारपीट के बाद भी नहीं मानने पर धनराज ने रात को सोते समय डीजल डालकर सीमा को मौत के घाट उतार दिया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.