इस साल सबसे ज्यादा मरीज मार्च में मिले, 10 दिन में तीन गुना बढ़ी संख्या, प्रशासन की लोगों से अपील- ‘कोरोना गाइडलाइन का करें पालन’

Noida Covid-19 Update : इस साल सबसे ज्यादा मरीज मार्च में मिले, 10 दिन में तीन गुना बढ़ी संख्या, प्रशासन की लोगों से अपील- ‘कोरोना गाइडलाइन का करें पालन’

इस साल सबसे ज्यादा मरीज मार्च में मिले, 10 दिन में तीन गुना बढ़ी संख्या, प्रशासन की लोगों से अपील- ‘कोरोना गाइडलाइन का करें पालन’

Google Photo | Symbolic Photo

गौतमबुद्ध नगर में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 31 नए मामलों की पुष्टि हुई है। जबकि 14 मरीजों को इलाज के बाद ठीक होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया है। जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर सुनील दोहरे ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 31 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। कोविड-19 से संक्रमित 14 मरीज उपचार के बाद ठीक होकर 24 घंटे के अंदर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। 

जनपद के विभिन्न अस्पतालों में 334 मरीजों का इलाज चल रहा है। जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि अब तक जनपद में 25,769 मरीज उपचार के बाद ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। जिले में अब तक कुल 26103 मरीजों में कोविड-19 संक्रमण का पता चला है। उन्होंने बताया कि जनपद में अब तक कोविड-19 के संक्रमण की वजह से 91 लोगों की मौत हो चुकी है।
 
10 दिन में तीन गुना संक्रमित बढ़े
गौतमबुद्ध नगर में मार्च माह में कोरोना संक्रमित नए मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। गत नवंबर से फरवरी तक जिले में वायरस के कम मामले मिलने से सब राहत की सांस ले रहे थे। बीते फरवरी महीने में 15 फरवरी को सबसे कम सिर्फ 42 सक्रिय मरीज थे। लेकिन इसके बाद संक्रमितों की संख्या में अचानक से तेजी आई। 20 मार्च को कोरोना के 93 मरीज अस्पतालों और होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे थे। मगर महज 10 दिन बाद 30 मार्च को सक्रिय संक्रमितों की संख्या 319 हो गई। 

मतलब 10 दिन में सक्रिय मरीजों की संख्या तीन गुना से भी अधिक बढ़ी। इसी रफ्तार से नए मरीजों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। सिर्फ मार्च महीने में 534 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। साल 2021 में यह एक महीने में सबसे ज्यादा मरीजों की संख्या है। जिले में जनवरी में 424 और फरवरी में 179 कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। सक्रिय मरीजों के लिहाज से गौतमबुद्ध नगर प्रदेश में छठें स्थान पर है। जिले में प्रतिदिन करीब 3000 कोरोना संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है।

होम आइसोलेशन में भी बढ़ी संख्या
गौतमबुद्ध नगर में होम आइसोलेशन में भी इलाज करवाने वाले संक्रमितों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। होम आइसोलेशन में फरवरी के मुकाबले मार्च में साढ़े तीन गुना मरीज बढ़े हैं। 15 फरवरी के करीब होम आइसोलेशन में 36 कोरोना मरीज इलाज करा रहे थे। 30 मार्च को यह संख्या 126 पहुंच गई। 

पिछले मई से ज्यादा मरीज इस मार्च में मिले
पिछले साल मई से भी ज्यादा मरीजों की पुष्टि इस साल मार्च में हुई है। मई 2020 में 315 नए मरीज मिले थे।  जबकि 30 मार्च तक मरीजों की संख्या 534 हो गई है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकारी अस्पताल के साथ ही निजी अस्पतालों को फिर कोविड-19 केयर बनाया जा रहा है। फिलहाल अस्पतालों और होम आइसोलेशन में 334 मरीजों का इलाज चल रहा है।

सक्रिय मरीजों की क्रमवार स्थिति
  • 15 फरवरी : 42
  • 25 फरवरी : 65
  • 10 मार्च : 85
  • 20 मार्च : 93
  • 31 मार्च : 334
  • 31 नए मरीज, 14 ठीक हुए

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.