वैलेंटाइन डे पर पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या

गाजियाबाद में सनसनीखेज मामला : वैलेंटाइन डे पर पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या

वैलेंटाइन डे पर पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या

Tricity Today | वैलेंटाइन डे पर पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या

जनपद गाजियाबाद की वैशाली कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या कर पति ने खुदकुशी करने का प्रयास किया है। हाथ की नस काटकर वह घर के बाहर निकल आया। इस बीच खाली भूखंड में बेहोश होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने घायल हालत में पड़े युवक को देख पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन, महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देवजीत को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच चल रही है। घटनास्थल से पुलिस ने सुसाइड नोट भी बरामद किया है। 

एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कौशाम्बी थानांतर्गत वैशाली सेक्टर-5, फ्लैट संख्या 146 में देवजीत दत्ता सपरिवार रहता है। देवजीत सोमवार की सुबह अपने घर के पास खाली भूखंड में बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। यह देखकर आस-पास के नागरिकों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने खून से लथपथ देवजीत दत्ता उर्फ विभूदत्ता को आनन-फानन में नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। छानबीन के क्रम में पुलिस देवजीत के फ्लैट में पहुंची। वहां का नजारा देखकर पुलिस के होश उड़ गए। फ्लैट में देवजीत की पत्नी पूजा (39) का शव पड़ा मिला। 

सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन का कहना है कि गला दबाकर पूजा की हत्या की गई है। माजरा समझ में आने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में देवजीत ने किसी को घटना का जिम्मेदार नहीं ठहराया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि वह आंतरिक कारणों से यह कदम उठा रहा है। पुलिस का कहना है कि देवजीत ने किसी धारदार वस्तु से अपनी कलाई की नस काटी है। देवजीत की ससुराल दिल्ली के करोल बाग में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि देवजीत ने पहले पत्नी पूजा की हत्या की। बाद में अपने हाथ की नस काटकर खुदकुशी का प्रयास किया। पूरे मामले की जांच चल रही है। देवजीत के परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.