जाम से निपटने का नया फार्मूला, चेकिंग प्वाइंट को भी घटाया

गाजियाबाद में ट्रैफिक पुलिस को दिया जाएगा आराम :  जाम से निपटने का नया फार्मूला, चेकिंग प्वाइंट को भी घटाया

जाम से निपटने का नया फार्मूला, चेकिंग प्वाइंट को भी घटाया

Google Image | symbolic

Ghaziabad News : गाजियाबाद निवासियों को सड़क पर लगने वाले जाम से आजादी दिलाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से नई पहल की जा रही है। इसके तहत यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अब दो शिफ्ट में होगी। इस पहल से लोगों को रोजाना सुबह सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या से छुटकारा मिलने की उम्मीद है। जाम की समस्या को कम करने के लिए नए स्थान पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। 

दो शिफ्ट में करेंगे ड्यूटी
शहर में सड़क पर जाम की समस्या को कम करने के लिए नए स्थान चिन्हित किए गए हैं। जहां जाम लगता है, अब वहां भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। दो शिफ्ट में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने में पुलिसकर्मियों की संख्या में कमी ना महसूस हो, इसके लिए कुछ चेकिंग प्वाइंट को कम किया जाएगा। वर्तमान में सुबह 7:30 बजे से यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी शुरू होती है और रात 10 बजे तक रहती है। इस बीच उनको दो घंटे का अवकाश मिलता है। 

अब 8 घंटे की होगी शिफ्ट
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सर्वे कर अपनी रिपोर्ट दी है। एडीसीपी यातायात रामानंद कुशवाहा ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत स्वतंत्रता दिवस से यातायात विभाग में कार्यरत सिपाहियों और मुख्य आरक्षी की ड्यूटी टाइम में बदलाव किया गया है। बदलाव के बाद अब सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक एक शिफ्ट रहेगी और दोपहर 2 बजे से रात को 10 बजे तक दूसरी शिफ्ट रहेगी। 

ड्यूटी प्वाइंट 186 से 152 हुए
पुलिसकर्मियों के ड्यूटी प्वाइंट को 186 से कम कर 152 किया गया है। इसमें कुछ नए स्थान को चेकिंग प्वाइंट बनाया गया है। कई स्थानों पर आवश्यक कार्य कर वहां से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी हटाई गई है। एडीसीपी यातायात ने बताया कि नया सिस्टम 16 अगस्त से लागू कर दिया जाएगा। कुछ दिन फीडबैक लिया जाएगा। इसके बाद अगर किसी सुधार की आवश्यकता होगी तो उसे लागू किया जाएगा। 

स्टंटबाजों पर नियंत्रण
सड़कों पर स्टंट करने वालों को काबू में करने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों के 57 दरोगाओं को हाईस्पीड बाइक दी गई है, जिससे वह यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर सकें। ऐसे में जो लोग पुलिस को चकमा देकर भाग जाते थे, अब नहीं भाग पाएंगे। उन्हें पकड़ा जा सकेगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.