अब तक 100 लोगों से पूछताछ, बेटा-बेटी के तलाक और 70 लाख रुपए ने ली जान

ग्रेटर नोएडा वेस्ट समधी हत्याकांड : अब तक 100 लोगों से पूछताछ, बेटा-बेटी के तलाक और 70 लाख रुपए ने ली जान

अब तक 100 लोगों से पूछताछ, बेटा-बेटी के तलाक और 70 लाख रुपए ने ली जान

Tricity Today | ग्रेटर नोएडा वेस्ट समधी हत्याकांड

Greater Noida West : बिसरख थाना क्षेत्र में हुए समधी हत्याकांड में अभी तक 100 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इस मामले में शादी में आए रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई। शादी के दौरान जो कैमरामैन वीडियो बना रहा था, उस वीडियो के आधार पर भी छानबीन की गई। अभी तक कोई भी आरोपी ग्रेटर नोएडा वेस्ट समधी हत्याकांड में गिरफ्तार नहीं किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है।

भूपेंद्र यादव की शिकायत पर 8 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
डीसीपी सुनीति ने बताया कि इस मामले में अभी तक शादी समारोह में शामिल हुए 100 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। साथ में शादी वाली वीडियो को देखा गया। इससे पूरे मामले का सही तरीके से पता चल सकेगा। पुलिस ने अशोक यादव के बेटे भूपेंद्र यादव की शिकायत के आधार पर शेखर समेत 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।

दोनों एक-दूसरे को देखकर आग बबूला हुए
डीसीपी सुनीति ने बताया कि सोमवार (27 नवंबर 2023) की रात को बिसरख थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में शादी थी। एक व्यक्ति फार्म हाउस में अपनी बेटी की शादी कर रहा था। वहीं पर होशियारपुर (नोएडा) के रहने वाले अशोक यादव और सिंभावली (हापुड़) के रहने वाले शेखर शादी समारोह में पहुंचे। शेखर फिलहाल गाजियाबाद में रहते हैं। अशोक यादव और शेखर एक-दूसरे को देखकर आग बबूला हो गए। दोनों के बीच नोकझोंक हो गई।

शादी की वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान
डीसीपी सुनीति ने बताया कि इस मामले में अशोक यादव के बेटे ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर अशोक यादव के समाधि शेखर, शेखर के भाई और उसके बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शादी के दौरान जो फोटोग्राफर वीडियो बना रहा था, उस वीडियो के आधार पर शेखर के साथियों की पहचान की गई।  पुलिस काफी गंभीरता के साथ मामले की जांच कर रही है।

किस बात को लेकर हुआ दोनों के बीच विवाद
पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि अशोक यादव के बेटे भूपेंद्र यादव की शादी शेखर की बेटी के साथ हुई थी, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। नौबत तलाक तक पहुंच गई। इसी बीच पंचायत हुई और फैसला लिया गया कि मामले को खत्म करने के लिए अशोक यादव अपने समधी शेखर को 70 लाख रुपए देगा। इसी बात को लेकर सोमवार को शादी समारोह के बीच विवाद हुआ और शेखर ने गुस्से में आकर अशोक यादव को गोली मार दी।

अशोक यादव ने गाड़ी में तोड़ा दम
जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक यादव ने गाड़ी में तड़प-तड़पकर दम तोड़ा। जिसकी मुख्य वजह यह थी कि सोमवार को जब शादी समारोह के दौरान अशोक यादव को गोली लगी तो उसके परिजन गाड़ी में डालकर अस्पताल लेकर जा रहे थे। रास्ते में काफी स्थानों पर बारात चढ़ रही थी, जिसकी वजह से जाम लगा हुआ मिला। इसी बीच अशोक यादव ने गाड़ी में ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। अशोक यादव की गाड़ी काफी समय तक जाम में फंसी रही।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.