चार मूर्ति अंडरपास के लिए 800 पेड़ होंगे शिफ्ट और 200 काटे जाएंगे

ग्रेटर नोएडा वेस्ट से बड़ी खबर : चार मूर्ति अंडरपास के लिए 800 पेड़ होंगे शिफ्ट और 200 काटे जाएंगे

चार मूर्ति अंडरपास के लिए 800 पेड़ होंगे शिफ्ट और 200 काटे जाएंगे

Tricity Today | Greater Noida West

Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट के किसान चौक (चार मूर्ति गोल चक्कर) पर प्रस्तावित अंडरपास के निर्माण के लिए वन विभाग ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को 800 पेड़ों को शिफ्ट करने और 200 पेड़ों को काटने की अनुमति दे दी है। इस अंडरपास का निर्माण स्थानीय निवासियों और यात्रियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। जिसके तहत यहां बड़े पैमाने पर पेड़ों को हटाना आवश्यक हो गया है। 

उद्यान विभाग ने शुरू की तैयारी
प्राधिकरण ने पेड़ों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेक्टर-2 और सेक्टर-3 के पार्कों में इन पेड़ों को स्थानांतरित किया जाएगा। शिफ्ट किए जाने वाले पेड़ों में पीपल, पीलखन, फाइकस, चंपा और बोतल पाम जैसे बड़े वृक्ष शामिल हैं। जिन पेड़ों को काटा जाएगा। उनकी उम्र 1 से 10 वर्ष के बीच है। प्राधिकरण को काटे गए पेड़ों की भरपाई के लिए पौधरोपण का दायित्व सौंपा गया है। जिसके लिए प्राधिकरण ने आवश्यक धनराशि पहले ही जमा कर दी है। 

नववर्ष तक अंडरपास का काम शुरू होने की उम्मीद 
किसान चौक के इस महत्वपूर्ण अंडरपास का निर्माण नववर्ष तक शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसका काम दीपावली के पहले शुरू होना था, लेकिन पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण इसमें विलंब हो गया। जैसे ही पेड़ और अन्य यूटिलिटी हटाई जाएंगी। निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा। 

760 मीटर लंबा और 82 करोड़ की लागत
यह अंडरपास लगभग 760 मीटर लंबा और 30 मीटर चौड़ा होगा। इसके निर्माण पर अनुमानित 82 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसे 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। अंडरपास बनने के दौरान यातायात व्यवस्था में बदलाव लाने के लिए अस्थायी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। जिससे यातायात को डायवर्ट किया जा सके और निर्माण कार्य बिना रुकावट के हो सके। पहले चरण में बिसरख की तरफ किसान चौक से 60 मीटर रोड पर निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.