मध्य प्रदेश के गन्ना अधिकारी की मौत, मंगलवार को हुई थी बड़े भाई की मृत्यु

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा : मध्य प्रदेश के गन्ना अधिकारी की मौत, मंगलवार को हुई थी बड़े भाई की मृत्यु

मध्य प्रदेश के गन्ना अधिकारी की मौत, मंगलवार को हुई थी बड़े भाई की मृत्यु

Tricity Today | प्रतीकात्मक तस्वीर

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को घने कोहरे की वजह से मुजफ्फरनगर के रहने वाले मध्य प्रदेश के गन्ना अधिकारी की कार सड़क पर खड़े टैंकर से टकरा गई। हादसा यूपी-हरियाणा के बॉर्डर पर हुआ। हादसे में गन्ना अधिकारी और उनके परिवार के 4 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर घायलों को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बाद में यहां इलाज के दौरान गन्ना अधिकारी की मौत हो गई। अन्य घायलों को आईसीयू में रखा गया है। दिल्ली-एनसीआर में कोहरे का कहर जारी है। इसका सबसे बुरा असर यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर दिखाई दे रहा है। कोहरे की वजह से तेज रफ्तार गाड़ियों के टकराने की घटनाएं बढ़ गई हैं।

मुजफ्फरनगर जिले में फलौदा गांव के रहने वाले विजय त्यागी मध्य प्रदेश के करौली जिले में स्थित चीनी मिल में गन्ना अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। वह बुधवार की सुबह अपनी पत्नी रश्मि, पुत्र अरनव, पुत्री अरनिका और चालक के साथ ईस्टर्न पेरीफेरल से होकर अपने गांव जा रहे थे। घने कोहरे की वजह से पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार सड़क पर खड़े एक टैंकर से टकरा गई। इस हादसे में गन्ना अधिकारी विजय त्यागी, पत्नी रश्मि, दोनों बच्चे और चालक बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को सिर में गंभीर चोट आई है। एक्सप्रेसवे कर्मियों ने दनकौर पुलिस के साथ मिलकर घायलों का रेस्क्यू किया। सभी घायलों को बड़ी मुश्किल से दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। 

घायलों को तुरंत ग्रेटर नोएडा के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान विजय त्यागी (43 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे में घायल रश्मि, अरनव और अनिका को आईसीयू में रखा गया है। सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। विजय त्यागी अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गांव जा रहे थे। उनके बड़े भाई की मंगलवार को मृत्यु हो गई थी। वह सपरिवार मध्य प्रदेश से बड़े भाई के अंतिम संस्कार के लिए निकले थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़े भाई की मौत से पूरा परिवार पहले ही गमगीन था। अब छोटे भाई की असामयिक मृत्यु ने पूरे परिवार में कोहराम मचा दिया। मृतक के गांव में मातम का माहौल है। हर तरफ इस हादसे की चर्चा हो रही है। सूचना मिलने के बाद परिजन ग्रेटर नोएडा पहुंच गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.