बिल्डरों की नीतियों के खिलाफ सैकड़ों लोग भूख हड़ताल पर बैठे, कहा- कौन करेगा हमारे घर का सपना पूरा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट 'समस्याओं का शहर' : बिल्डरों की नीतियों के खिलाफ सैकड़ों लोग भूख हड़ताल पर बैठे, कहा- कौन करेगा हमारे घर का सपना पूरा

बिल्डरों की नीतियों के खिलाफ सैकड़ों लोग भूख हड़ताल पर बैठे, कहा- कौन करेगा हमारे घर का सपना पूरा

Tricity Today | बिल्डरों की नीतियों के खिलाफ लोग भूख हड़ताल पर बैठे

Greater Noida West : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित काफी हाउसिंग सोसायटी के निवासी रविवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए। निवासियों का कहना है कि हमारी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। रजिस्ट्री की समस्या लगातार बरकरार है। मूलभूत सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं है। पिछले काफी सालों से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले निवासी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। अब उन्होंने परेशान होकर रविवार को भूख हड़ताल की है। निवासियों का कहना है कि अभी सांकेतिक भूख हड़ताल है, लेकिन अगर हमारी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो हम अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।

हम सड़क पर उतरने के लिए मजबूर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सुपरटेक इकोविलेज-वन हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले मिहिर गौतम का कहना है कि नोएडा एक्सटेंशन में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। हम अपने फ्लैट में ही किराएदार के रूप में रह रहे हैं। कोई ध्यान देने वाले नहीं है, काफी समय से रजिस्ट्री और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के पास भी गए, लेकिन कोई तरफ ध्यान देने वाला नहीं है। अब ऐसे में हम सड़क पर उतरने के लिए मजबूर हैं।

करीब 300 से ज्यादा लोग हुए सांकेतिक भूख हड़ताल में शामिल
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में हो रहे इस प्रदर्शन में सुपरटेक इकोविलेज-वन, सुपरटेक इको विलेज-2, सुपरटेक इको विलेज-3, अजनारा होम्स, गौर सिटी और तमाम हाउसिंग सोसाइटी के निवासी शामिल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस सांकेतिक भूख हड़ताल में 300 से भी ज्यादा लोग शामिल हुए हैं।

मांगों को पूरा नहीं किया तो करेंगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
लोगों ने बताया कि अगर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने हमारी समस्या को नहीं सुना तो हम आने वाले समय में बड़ा आंदोलन करेंगे। हम अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ जाएंगे। हम अनिश्चित भूख हड़ताल करेंगे। अगर किसी भी निवासी को कुछ भी हुआ तो उसके जिम्मेदार केवल और केवल अधिकारी और जनप्रतिनिधि होंगे।

क्यों नहीं हो रही फ्लैट्स की रजिस्ट्री
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सबसे बड़ी समस्या रजिस्ट्री की है। लोगों ने बिल्डर को लाखों रुपए दे दिए हैं, लेकिन अभी तक अपना घर नहीं मिला है। लोग अपने ही घर में किराएदार के तौर पर रह रहे हैं। जिसकी ईएमआई बैंक को देनी पड़ती है। निवासियों का कहना है कि रजिस्ट्री की समस्या यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में भी उठाई गई थी। उस समय जनप्रतिनिधियों ने निवासियों से वादा किया था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही सबसे पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासियों की फ्लैट रजिस्ट्री करवाई जाएगी, लेकिन सब कुछ जीरो है। इसका मुख्य कारण यह बताया जाता है कि बिल्डर के ऊपर प्राधिकरण का करोड़ों रुपए बकाया है। जिसकी वजह से ही प्राधिकरण रजिस्ट्री करवाने की इजाजत नहीं देता है। वहीं, दूसरी ओर बिल्डर भी बकाया पैसा प्राधिकरण को नहीं दे रहा है। प्राधिकरण और बिल्डर के बीच में निवासी फंस गए हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.