Greater Noida News : तेज बारिश की वजह से ग्रेटर नोएडा में एक बड़ा हादसा हुआ है। बुधवार शाम को आई जोरदार बारिश ने आफत का रूप ले लिया। तेज बारिश के कारण तुगलपुर क्षेत्र में स्थित "Pump Up Arena" नामक जिम की छत गिर गई। जिसके मलबे में दो युवक घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा
बुधवार शाम को बारिश की शुरुआत के साथ ही जिम में एक्सरसाइज कर रहे कुछ युवकों की जान पर बन आई। बारिश की तीव्रता बढ़ते ही अचानक जिम की छत भरभराकर गिर गई। छत के गिरने से अफरा-तफरी मच गई और मलबे के नीचे दबे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। दोनों युवक गंभीर स्थिति में हैं और उनका इलाज जारी है। नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विपिन कुमार ने जानकारी दी कि घायल युवकों की पहचान विशाल और दूसरा आकाश के रूप में हुई हैं। दोनों तुगलपुर गांव में ही रहते हैं। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।