छोटे केस में गिरफ्तार आरोपी बना कुख्यात अपराधी, निकला बीवी और मासूम बेटी का कातिल

ग्रेटर नोएडा में एक क्राइम ऐसा भी : छोटे केस में गिरफ्तार आरोपी बना कुख्यात अपराधी, निकला बीवी और मासूम बेटी का कातिल

छोटे केस में गिरफ्तार आरोपी बना कुख्यात अपराधी, निकला बीवी और मासूम बेटी का कातिल

Tricity Today | आरोपी गिरफ्तार

Greater Noida News : एक कहावत छोटी सी चीज कब बड़ी बन जाए, कुछ पता नहीं चलता और यह कहावत अपराधियों पर भी साबित होती है। ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा में देखने को मिला है। जहां पर पुलिस ने एक मामूली से केस में आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन जब उसकी जांच की गई तो पुलिस के भी होश उड़ गए। वह आरोपी तो कुख्यात हत्यारा निकला। उसने अपनी ही पत्नी और मासूम बच्ची की हत्या कर दी थी। यह मामला राजस्थान और ग्रेटर नोएडा दोनों से जुड़ा हुआ है। 

कैसे हुई आरोपी की गिरफ्तारी
ईकोटेक-तीन थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने मनोज पाल नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मनोज पाल के कब्जे से एक तमंचा बरामद हुआ था। सर्विलांस और लोकल इंटेलीजेंस के आधार पर पुलिस ने मनोज पाल को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में जांच की गई और मनोज पाल का आपराधिक इतिहास निकल गया। जब उसका आपराधिक इतिहास निकल गया तो हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ। फिर काफी सख्ती के साथ मनोज पाल से पूछताछ हुई। जिसमें हैरान करने वाली बात सामने आई।  

मनोज पाल वर्ष 2019 में किया था अपराध
मनोज पाल ने वर्ष 2019 में अपनी पत्नी और मासूम बच्ची की हत्या कर दी थी। वह राजस्थान के फलौदी के पास रहकर एक पाइप फैक्ट्री में काम करता था। आरोपी ने  शक के आधार पर नवंबर 2019 में अपनी पत्नी और करीब 2 महीने की बच्ची की गला दबा के हत्या कर दी थी। हत्या करने के बाद दोनों के शव को फैक्ट्री के पीछे दबा दिया था। उस मामले में राजस्थान पुलिस ने मुकदमा संख्या 452 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। आरोपी तभी से फरार चल रहा था। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने आरोपी के ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम रखा। 

कुलेसरा गांव में पहचान छुपाकर रह रहा था बीवी का हत्यारा
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अपनी पहचान छुपाकर इधर-उधर रह रहा था। पुलिस ने ईकोटेक-तीन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलेसरा गांव में आरोपी को गिरफ्तार किया। वह अपनी मौसेरी बहन के कमरे में रह रहा था। अब इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूरे मामले की रिपोर्ट राजस्थान पुलिस को भी भेजी जाएगी। बताया जा रहा है कि इस मामले में राजस्थान पुलिस ने रिमांड लेने के लिए जिला न्यायालय में रिपोर्ट भेजी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.